स्वास्थ्य पखवाड़े में 17140 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच
रुद्रपुर। स्वस्थ नारी सशक्त परिवार पखवाड़ा” अभियान के तहत सोमवार को जनपद की 168 चिकित्सा इकाइयों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। एक ही दिन 168 स्थानों पर लगे इन शिविरों में कुल 17140 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य जांच कराई।शिविरों के दौरान मधुमेह, कैंसर, हाइपरटेन्शन, गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, टीबी जांच सहित विभिन्न बीमारियों की जांचें की गईं। इस दौरान आंकड़ों के अनुसार 7138 लोगों की हाइपरटेन्शन, 7068 की मधुमेह, स्तन कैंसर की 2096, मुख कैंसर की 3058, 2148 गर्भवती महिलाओं की जांच और 1705 किशोरियों की मासिक धर्म संबंधी काउंसलिंग की गई। वहीं 190 लाभार्थियों की पोषण जांच, 4878 मरीजों की टीबी जांच संपन्न हुई।टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 54 लाभार्थियों को निक्षय मित्र बनाया गया। वहीं 12226 लाभार्थियों की अन्य जांचें व 69 लाभार्थियों की आभा आईडी भी तैयार की गई।मुख्य चिकित्साधिकारी डा. के.के. अग्रवाल ने अपील करते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर यह स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में पहुंचकर जांच व स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाएं।
