तहसील दिवस में 44 शिकायतें में 18 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
गदरपुर। बुधवार को ब्लॉक सभागार गदरपुर में आयोजित तहसील दिवस में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता द्वारा प्रस्तुत समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान है, इसलिए तहसील दिवस में पंजीकृत शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर होना चाहिए। एडीएम ने यह भी कहा कि सभी समाधान व शिकायतों की स्थिति जन समर्पण पोर्टल पर अपलोड की जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे।एडीएम ने अधिकारियों से कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान किया जाए और प्रत्येक स्तर पर संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाएं ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।तहसील दिवस में पेंशन, राशन कार्ड, प्रमाण पत्र, सिंचाई, पेयजल, सड़क मरम्मत, विद्युत, नलकूप, नगर पालिका आदि से जुड़ी कुल 44 शिकायतें पंजीकृत हुईं, जिनमें से 18 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, उप जिलाधिकारी डॉ. अमृता शर्मा, तहसीलदार लीना चंद्रा, एसीएमओ डॉ. हरेंद्र मालिक, सहायक निदेशक दुग्ध राजेंद्र सिंह, सहायक निदेशक मत्स्य संजय छिम्वाल, अधिशासी अभियंता सिंचाई बी.एस. डांगी, लघु सिंचाई सुशील कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन, अल्पसंख्यक अधिकारी नंदिनी तोमर, जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी व खंड विकास अधिकारी अतिया परवीन सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
नागरिकों ने रखीं स्थानीय समस्याएँ
कार्यक्रम में कई स्थानीय नागरिकों ने अपनी समस्याएं एडीएम के समक्ष रखीं। गदरपुर निवासी मोहम्मद रफी ने वार्ड नं. 2 में नाली की सफाई की मांग की, जिस पर एडीएम ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। सुखशांति नगर निवासी परमजीत सिंह ने ग्राम नरायणपुर में भूमि के खसरे की तस्दीक उपरांत पत्रावली दिलाने का अनुरोध किया, जिस पर तहसीलदार को शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया।ग्राम प्रधान मोतियापुर सुमन ने मोतियापुर-बलखेडा में दो किलोमीटर हॉटमिक्स सड़क निर्माण की मांग रखी। एडीएम ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। झगड़पुरी मोतियापुरा क्षेत्र पंचायत सदस्य हसीना जहॉं ने एनएच-74 से चुनपुरी, आजाद नगर एवं बलखेड़ा शान्तिग्राम मार्ग निर्माण की मांग उठाई, जिस पर मंडी सचिव को निरीक्षण कर योजना तैयार करने के निर्देश मिले।ग्राम प्रधान गिर्धर नगर निशा रानी ने नहर की सफाई और 500 मीटर नहर पक्की कराने की मांग की, जिस पर एई सिंचाई को तत्परता से सफाई कराने के निर्देश दिए गए। वहीं गदरपुरा के ग्राम प्रधान मोहम्मद तय्यब ने जल जीवन मिशन के कार्य शीघ्र पूरे कराए जाने व सफेद राशन कार्ड बनाने की मांग रखी। इस पर एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर कार्यवाही के आदेश दिए।
जनकल्याण योजनाओं की दी जानकारी
एडीएम पंकज उपाध्याय ने कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र में जाकर समस्याओं को सुनें और उनके समाधान के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाएं ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तव में पात्र लोगों को मिल सके।
