दिल्लीदेहरादून

उत्तराखंड–यूपी सीमा से 22 वर्षीय आसिफ उर्फ़ आरिश गिरफ्तार, पाक गैंग संचालक से संपर्क का आरोप

केलखेड़ा/बिजनौर। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उत्तराखंड–उत्तर प्रदेश सीमा क्षेत्र में एक योजनाबद्ध अभियान चलाते हुए 22 वर्षीय आसिफ उर्फ़ आरिश को केलखेड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। मूल रूप से बिजनौर जनपद के रेहड़ थाना क्षेत्र के मच्छमार गाँव निवासी आसिफ का नाम एक बड़े आतंकी नेटवर्क की जाँच में सामने आया था। स्पेशल सेल के अनुसार, आसिफ पर पाकिस्तान मूल के गैंग संचालक शहजाद भट्टी से संपर्क में रहने का संदेह है।

पिता को झांसे में लेकर जुटाई गई जानकारी

रविवार को दिल्ली पुलिस की टीम तीन गाड़ियों के साथ मच्छमार गाँव पहुँची। सादे वेश में घर पहुँचे टीम के सदस्यों ने आसिफ के पिता अल्ताफ शाह को बताया कि उन्हें शादी में टेंट लगवाना है। अल्ताफ ने टेंट का काम न करने की जानकारी दी और बताया कि उनका छोटा बेटा फ़ैसल उत्तराखंड के बाजपुर में काम करता है।

टीम ने उन्हें स्थल दिखाने के बहाने गांव से बाहर ले जाकर आसिफ के बारे में पूछताछ की। अल्ताफ ने बताया कि आसिफ अनाज खरीदने ऊधमसिंह नगर गया है। इसी दौरान पुलिस ने उनके मोबाइल से आसिफ से बात करवाई और उसका नंबर सर्विलांस पर डाल दिया

बाजपुर–केलाखेड़ा क्षेत्र में गिरफ्तारी

अल्ताफ को साथ लेकर टीम बाजपुर थाना क्षेत्र के केलाखेड़ा पहुँची। लोकेशन पुख्ता होने के बाद पुलिस ने वहां आसिफ को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद अल्ताफ को उनके गृह क्षेत्र रेहड़ थाना परिसर में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इसके बाद सोमवार को दिनभर खुफिया एजेंसियों ने परिजनों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई।

पाक गैंग से संपर्क और गुरदासपुर में रेकी का आरोप

स्पेशल सेल का दावा है कि आसिफ कथित तौर पर शहजाद भट्टी के संपर्क में था। आरोप है कि—

आसिफ ने पंजाब के गुरदासपुर में रेकी की,

उसे ग्रेनेड फेंकने का निर्देश दिया गया था,

आतंकी नेटवर्क के दो साथियों की गिरफ्तारी के बाद उसका नाम सामने आया।

परिजनों का दावा—धमकाकर फंसाने की कोशिश

आसिफ के पिता ने उसे निर्दोष बताया और दावा किया कि शहजाद भट्टी तथा एक अन्य युवक विकास प्रजापति ने इंस्टाग्राम के माध्यम से आसिफ को धमकाया था।

परिजनों के अनुसार—

आसिफ ने ग्रेनेड फेंकने से इंकार किया,

इसके बाद उसे किसी वारदात में फँसाने की धमकी मिली, वह धमकियों से डरा और परेशान रहता था।

जाँच जारी, सतर्कता बढ़ाई

सीओ अफजलगढ़ आलोक सिंह ने बताया कि दिल्ली पुलिस को परिजनों ने पूरी तरह सहयोग किया है। मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। सभी तथ्यों की तस्दीक के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Uma Shankar Kukreti