8 एकड़ सरकारी भूमि कब्जामुक्त, डीएम-एसएसपी ने किया मौके का निरीक्षण
रुद्रपुर। सरकारी संपत्तियों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को खेड़ा क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 8 एकड़ (लगभग 32,375 वर्ग मीटर) मूल्यवान सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्यवाही कर भूमि से अतिक्रमण हटाया।कार्यवाही के बाद जिलाधिकारी नितिन भदौरिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने उच्चाधिकारियों के साथ मौके पर पहुँचकर सुरक्षा स्थिति और व्यवस्था का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को भूमि की सीमांकन रिपोर्ट तैयार कर पुनःअतिक्रमण रोकने की दिशा में पुख्ता इंतज़ाम करने के निर्देश दिए।
भारी पुलिस बल की तैनाती
अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलेभर से पुलिस बल तैनात किया गया। इसमें समस्त थाना प्रभारी, पुलिस कर्मी, फायर सर्विस, होमगार्ड, पीआरडी, आबकारी बल और वन विभाग के कर्मचारी शामिल रहे। साथ ही पीएसी बल की तैनाती भी की गई ताकि कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके।अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया की निगरानी के लिए एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार तथा नगर निगम की टीम मौजूद रही। सम्पूर्ण अभियान की पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु ड्रोन कैमरे, वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटोग्राफी से निगरानी की गई।
“कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता”
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी निष्पक्षता और मजबूती के साथ की जा रही है। उन्होंने कहा, “कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की उपद्रव या विरोधात्मक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवरोध उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
