नैनीताल

बेतालघाट गोलीकांड: मुख्य आरोपी अमृतपाल उर्फ पन्नू समेत तीन गिरफ्तार, कुल 9 आरोपी दबोचे

Nainital News: बेतालघाट पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान हुई फायरिंग की घटना में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अमृतपाल उर्फ पन्नू सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस प्रकरण में अब तक कुल 9 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं।

14 अगस्त 2025 को ब्लॉक बेतालघाट में वोटिंग के दौरान एक प्रत्याशी के समर्थकों ने प्रतिद्वंदी पक्ष पर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर सशस्त्र विद्रोह किया था, जिसमें महेंद्र सिंह बिष्ट उर्फ गोधन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस मामले में थाना बेतालघाट में मुकदमा दर्ज किया गया था।

थानाध्यक्ष अनीश अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और लगातार दबिश के जरिए 20 अगस्त को लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) के भीरा कस्बे में पंजाब मेडिकल स्टोर के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी अमृतपाल उर्फ पन्नू, गुरमीत सिंह उर्फ पारस और प्रदीप सिंह उर्फ शॉकर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से संदिग्ध थार भी कब्जे में ली है।

आपराधिक इतिहास की जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी अमृतपाल के विरुद्ध कोतवाली रामनगर में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज है, जबकि प्रदीप सिंह उर्फ शॉकर के खिलाफ मारपीट और धोखाधड़ी के दो मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।

Uma Shankar Kukreti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *