Uttarakhand

स्कूल को बम से उड़ाने की मिली धमकी,जांच में आया चौंकाने वाला सच

स्कूल में जांच करते हुए पुलिस टीम

उधम सिंह नगर । जिले के बाजपुर क्षेत्र में स्थित एक निजी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी ईमेल और इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से भेजी गई थी। जानकारी मिलते ही पुलिस व प्रशासन अलर्ट हो गए और डॉग स्क्वायड व बम निरोधक दस्ते के साथ स्कूल परिसर की गहन तलाशी ली गई। हालांकि जांच के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

 

स्कूल सचिव इंद्रप्रीत बरार ने बताया कि 21 अगस्त की रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच स्कूल की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा मेल आया था, जिसमें इसी सप्ताह स्कूल को उड़ाने की बात कही गई थी। इसके तुरंत बाद उसी तरह की धमकी इंस्टाग्राम के जरिए भी दी गई। स्कूल प्रबंधन ने भी अपने स्तर से जांच शुरू की और चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई।जांच में पता चला कि धमकी देने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि स्कूल का ही एक छात्र है। वर्तमान में स्कूल में परीक्षाएं चल रही हैं और आरोपी छात्र ने पढ़ाई नहीं की थी। परीक्षा से बचने और छुट्टी कराने के इरादे से उसने यह हरकत की। इस घटना से छात्र और उसके परिजन दोनों घबरा गए थे। अभिभावकों की चिंता को देखते हुए पुलिस ने बम स्क्वायड से स्कूल की जांच कराई, जिसमें कोई खतरा नहीं मिला।

 

स्कूल प्रशासन ने इस संबंध में थाने में लिखित शिकायत दी है। आरोपी छात्र 11वीं कॉमर्स का नाबालिग विद्यार्थी है। कालाढूंगी रोड पर स्थित इस स्कूल की वेबसाइट पर भी धमकी डाली गई थी। पुलिस को इसकी सूचना रात करीब 11 बजे दी गई थी, जिसके बाद बाजपुर कोतवाली प्रभारी ने तुरंत नैनीताल एसएसपी को मामले से अवगत कराया। सुबह बम निरोधक दस्ता मौके पर भेजा गया और पूरे कैंपस की तलाशी ली गई।सुरक्षा को देखते हुए स्कूल में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया स्कूल प्रबंधन और पुलिस ने बताया कि इस तरह की गतिविधियां किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले काशीपुर में एक छात्र द्वारा शिक्षक को तमंचे से गोली मारने की घटना हुई थी, ऐसे में लगातार दो घटनाओं से जिले में लोगों की चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *