छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के दौरान भिड़ंत, हवाई फायरिंग से मचा हड़कंप
रुद्रपुर । डिग्री कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के दौरान भिड़ंत, हवाई फायरिंग से मचा हड़कंपरुद्रपुर। सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव के नामांकन के समय दो छात्र गुटों के बीच भारी तनातनी देखने को मिली। पहले बहस और हाथापाई हुई, जिसके बाद एक पक्ष ने हवाई फायरिंग कर दी। अचानक गोलियां चलने से कॉलेज परिसर और आसपास अफरा-तफरी मच गई।सूत्रों के मुताबिक छात्र संघ अध्यक्ष पद के दावेदार रजत बिष्ट और नागेंद्र गंगवार के समर्थक बड़ी संख्या में कॉलेज गेट पर मौजूद थे। तभी दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई और नौबत मारपीट तक पहुंच गई। इसी बीच फायरिंग होते ही छात्र भयभीत होकर इधर-उधर भाग निकले। राहत की बात यह रही कि कोई घायल नहीं हुआ।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मौके से विवाद में शामिल छात्रों के कुछ वाहन जब्त किए गए हैं। वर्तमान में कैम्पस में भारी पुलिस बल तैनात है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दोनों गुटों की पहचान की जा रही है। छात्रसंघ चुनाव को लेकर पहले से ही माहौल तनावपूर्ण था, ऐसे में इस घटना ने छात्रों और माता-पिता की चिंताएं और बढ़ा दी हैं।
