Uttarakhand

मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों की कक्षाएँ शुरू  

पीलीभीत। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय, पीलीभीत में पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों की कक्षाएँ प्रारम्भ हो गई हैं। विभिन्न विभागों के वरिष्ठ संकाय सदस्यों को इन कोर्सों हेतु नोडल एवं सह-नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्राप्त हो सके।

इन कक्षाओं के माध्यम से छात्र-छात्राएँ एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर तकनीशियन, ऑडियो एवं स्पीच थेरैपी, ब्लड ट्रांसफ्यूजन, सीटी स्कैन, एक्स-रे, डायलिसिस, इमरजेंसी एवं ट्रॉमा केयर, ओटी तकनीशियन, लैब तकनीशियन, ऑप्टोमेट्री, ऑर्थोपेडिक एवं प्लास्टर तकनीशियन तथा फिजियोथेरपी जैसे विभिन्न डिप्लोमा कोर्स की पढ़ाई कर सकेंगे। प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा ने कहा कि पैरामेडिकल विद्यार्थी स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं। उनका प्रयास है कि छात्रों को आधुनिक तकनीक और प्रायोगिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ दे सकें। उन्होंने बताया कि इस पहल से न सिर्फ विद्यार्थियों के करियर सुरक्षित होंगे बल्कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। इससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे और अस्पतालों में प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता से मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। नोडल अधिकारी डॉ. विभूति गोयल ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल नॉलेज पर विशेष बल दिया जाएगा, ताकि वे आपात और सामान्य परिस्थितियों में तत्काल और प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें।

 

 

Shubham Mishra