Uttarakhand

किच्छा में शहीद सम्मान यात्रा-2.0, शहीद देव बहादुर के घर आँगन से संग्रहित हुई मिट्टी

किच्छा। शहीद सम्मान यात्रा-2.0 के तहत ग्राम गौरीकला, किच्छा के शहीद देव बहादुर के घर-आँगन से सम्मानपूर्वक ताम्र कलश में मिट्टी संग्रहित की गई। इस अवसर पर शहीद के पिता शेर बहादुर, माता लक्ष्मी देवी, भाई किशन, अनुज के साथ क्षेत्रीय विधायक तिलकराज बेहड़, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय, पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेन्द्र सिंह धोनी, तहसीलदार गिरीश त्रिपाठी, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल चन्द्र प्रकाश कोठारी (सेनि.), पूर्व सैनिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल कोठारी ने बताया कि 4 अक्टूबर तक प्रदेशभर में चल रही शहीद सम्मान यात्रा-2.0 के दौरान शहीद सैनिकों के घर-आँगन से ताम्र कलशों में मिट्टी संग्रह कराई जा रही है। यह मिट्टी देहरादून स्थित शौर्य स्थल (सैन्य धाम) में प्रतिस्थापित की जाएगी। उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर को जनपद पौड़ी के लैंसडाउन स्थित गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट सेंटर में शहीद सम्मान समारोह आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शहीद परिजनों को ताम्रपत्र प्रदान कर सम्मानित करेंगे।कार्यक्रम का उद्देश्य उन शहीदों के घर-आँगन से मिट्टी का सम्मानपूर्वक संग्रह करना है, जिनके आँगन से वर्ष 2021 की यात्रा में मिट्टी एकत्रित नहीं हो पाई थी, साथ ही 2021 के बाद शहीद हुए वीर सैनिकों की स्मृति को भी इस यात्रा में शामिल किया गया है। 4 अक्टूबर को जिलाधिकारी कार्यालय से शहीद सैनिकों के घर की मिट्टी को फ्लैग ऑफ कर लैंसडाउन रवाना किया जाएगा।

Shubham Mishra