दीपावली पर्व पर मिलावटखोरी रोकने को खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती, देहरादून में चला निरीक्षण अभियान
देहरादून। आगामी दीपावली एवं त्योहारी सीजन को देखते हुए आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद देहरादून की टीम ने शहरभर में व्यापक खाद्य निरीक्षण अभियान चलाया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी (नगर निगम क्षेत्र) रमेश सिंह ने बताया कि सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना के नेतृत्व में तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीमा डुंगराकोटी की उपस्थिति में घंटाघर व चकराता रोड क्षेत्र की स्वीट शॉप्स और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर रसभरी, पेस्ट्री, मलाई रोल और मलाई चमचम के चार नमूने जांच हेतु खाद्य विश्लेषक को भेजे गए।
इसी क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में ऋषिकेश, श्यामपुर और तिलक रोड क्षेत्र में भी जांच अभियान चलाया गया, जिसमें पेड़ा, बेसन लड्डू और मावा बर्फी के सात नमूने परीक्षण के लिए लिए गए।
संपूर्ण अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह, संतोष कुमार सिंह, संजय तिवारी और कपिल देव सहित विभागीय टीम शामिल रही।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना ने बताया कि दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए जनपदभर में इस प्रकार के निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेंगे, ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।
(कुल 11 नमूने जांच हेतु एकत्र किए गए।)
