मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से की भेंट
उत्तराखंड में सात जल विद्युत परियोजनाओं की स्वीकृति व हल्द्वानी खेल विश्वविद्यालय हेतु वन भूमि हस्तांतरण पर हुई चर्चा
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने राज्य में सात जल विद्युत परियोजनाओं (कुल क्षमता 647 मेगावाट) के विकास एवं निर्माण की स्वीकृति हेतु केंद्र से समर्थन मांगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार गंगा और उसकी सहायक नदियों की निर्मलता, अविरलता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि राज्य में युवाओं को खेलों के माध्यम से रोजगारपरक अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना का निर्णय लिया गया है। इसके लिए गौलापार क्षेत्र में लगभग 12.317 हैक्टेयर वन भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव वन विभाग को भेजा गया है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि संबंधित अधिकारियों को इस भूमि स्थानांतरण हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं।
केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री को सैद्धांतिक सहमति प्रदान करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर भारत सरकार के सचिव (पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन) श्री तन्मय कुमार, उत्तराखंड के प्रमुख सचिव श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते तथा स्थानिक आयुक्त श्री अजय मिश्रा उपस्थित रहे।
