देहरादून

“थैंक यू नेचर अभियान” को मिला जिला प्रशासन का सहयोग — ग्राम झाला बनेगा स्वच्छता का मॉडल गांव

 

उत्तरकाशी, 11 अक्टूबर।
पंचायती राज विभाग एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में आज “थैंक यू नेचर अभियान” के अंतर्गत गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ग्राम झाला में व्यापक स्वच्छता अभियान संचालित किया गया।

इस अवसर पर जिला प्रशासन के सहयोग से खंड विकास अधिकारी के माध्यम से कचरा गाड़ी एवं सफाई कर्मियों को गांव भेजा गया। नगर पंचायत के कर्मचारियों ने भी अभियान में भागीदारी निभाई। एकत्रित प्लास्टिक कचरे को रीसाइक्लिंग सेंटर भेजा गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिला।

ग्राम प्रधान श्री अभिषेक रौतेला ने बताया कि “थैंक यू नेचर अभियान” जनसहभागिता के माध्यम से लगातार सशक्त हो रहा है। आज का प्रयास यह दर्शाता है कि जब प्रशासन, पंचायत और जनता एकजुट होकर कार्य करते हैं तो सकारात्मक परिवर्तन संभव है। उन्होंने कहा कि अभियान के विस्तार हेतु जिलाधिकारी महोदय से ग्राम झाला को ‘मॉडल विलेज’ के रूप में विकसित करने का अनुरोध किया गया है, जिस पर जिलाधिकारी ने सकारात्मक सहमति प्रदान करते हुए एक मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

ग्राम प्रधान ने कहा —

“हमारा लक्ष्य केवल कचरा उठाना नहीं, बल्कि लोगों की सोच बदलना है। जब गांववाले अपने परिवेश को धन्यवाद देंगे, तभी प्रकृति भी हमें आशीर्वाद देगी। यही ‘थैंक यू नेचर’ अभियान का वास्तविक उद्देश्य है।”

अभियान में युवक मंगल दल झाला, स्थानीय होटल व्यवसायी, एवं ग्रामवासी सक्रिय रूप से सहभागी रहे। इस पहल को समय-समय पर DRS Recycling Organisation, Atulya Ganga एवं IDEAL जैसी संस्थाओं का भी सहयोग प्राप्त हुआ है।

जिला प्रशासन के समर्थन से “थैंक यू नेचर अभियान” को नई ऊर्जा मिली है। आगामी दिनों में ग्राम झाला को एक “स्वच्छता मॉडल गांव” के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

Uma Shankar Kukreti