देहरादून

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जताया आभार

 

श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ में रिकॉर्ड श्रद्धालु पहुंचने से सरकार गदगद : हेमंत द्विवेदी

देहरादून, 11 अक्टूबर।
श्री बदरीनाथ-श्री केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके शासकीय आवास पर भेंट की और चारधाम यात्रा की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक 31 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ धाम के दर्शन किए हैं — जिनमें से साढ़े 16 लाख से अधिक केदारनाथ और साढ़े 14 लाख से अधिक बदरीनाथ धाम पहुंचे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस ऐतिहासिक संख्या पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं का यह आस्था प्रवाह निरंतर बना रहना चाहिए। उन्होंने मंदिर समिति की सराहना करते हुए कहा कि रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन में समिति की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है। मुख्यमंत्री ने मंदिर समिति से जुड़े सभी संकल्पों को पूरा करने का भरोसा भी दिलाया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि चारधाम यात्रा में आने वाले सभी तीर्थयात्रियों को हर संभव सुविधा प्रदान की जाए। उन्होंने चारधाम यात्रा से जुड़ी विकास योजनाओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया ताकि यात्रा का संचालन और अधिक सफल एवं सुगम हो सके।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मुख्यमंत्री को मंदिर समिति की गतिविधियों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल मार्गदर्शन और राज्य सरकार के उत्कृष्ट प्रबंधन के कारण ही इस वर्ष चारधाम यात्रा ऐतिहासिक रूप से सफल, सुगम और सुरक्षित रही। उन्होंने कहा कि धर्मगुरुओं, तीर्थ पुरोहितों, हक-हकूकधारियों, स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों के सहयोग से अगला यात्रा सत्र और भी बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

द्विवेदी ने बताया कि बीकेटीसी मुख्यमंत्री के सुझावों पर शीघ्र अमल करेगी ताकि यात्रा मार्गों पर सुविधाओं में और सुधार किया जा सके। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों के सहयोग से धामों का सौंदर्यीकरण एवं विस्तार कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर पर उन्होंने यह भी बताया कि देश के प्रतिष्ठित उद्योगपति मुकेश अंबानी ने शुक्रवार को भगवान बदरी विशाल और बाबा केदारनाथ के दर्शन कर मंदिर समिति को 10 करोड़ रुपये की भेंट दी। उन्होंने कहा कि अंबानी जी निरंतर दोनों धामों के प्रति श्रद्धा रखते हैं और मंदिर प्रबंधन में सहयोग करते रहे हैं

Uma Shankar Kukreti