देहरादून

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री आएंगे उत्तराखंड: राज्य स्थापना रजत जयंती महोत्सव की तैयारियाँ जोरों पर

उत्तराखंड के 25वें स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का आगमन, प्रदेश में उमंग का माहौल

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना का रजत जयंती महोत्सव प्रदेशवासियों के लिए एक यादगार अवसर बनने जा रहा है। इस ऐतिहासिक पर्व की गरिमा बढ़ाने के लिए राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु एवं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी उत्तराखंड आगमन करेंगे। राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित यह महोत्सव प्रदेश की उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और जनभागीदारी का प्रतीक बनेगा।
प्रदेश सरकार द्वारा राजधानी देहरादून सहित सभी जनपदों में भव्य कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। राजभवन से लेकर परेड ग्राउंड तक विशेष आयोजन होंगे, जिनमें उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, पारंपरिक परिधान, लोकनृत्य और संगीत की झलक दिखाई देगी।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार प्रशासनिक स्तर पर तैयारियाँ तेज़ कर दी गई हैं। सुरक्षा, यातायात और अतिथि सत्कार के लिए विशेष व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। रजत जयंती समारोह को यादगार बनाने के लिए प्रदेश के स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

Uma Shankar Kukreti