देहरादून

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रभावितों के बीच मनाई दीपावली

देहरादून: 20अक्टूबर: (यू एस कुकरेती)

दीपों के पर्व दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को देहरादून के सहस्त्रधारा क्षेत्र स्थित मझाड़ा गाँव पहुँचे। उन्होंने काली गाड़, मझाड़ा गाँव एवं सहस्त्रधारा क्षेत्र के आपदा प्रभावित परिवारों से भेंटकर उनकी समस्याएँ सुनीं और उन्हें दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।

संवेदनशीलता और मानवीय अपनत्व का परिचय देते हुए मुख्यमंत्री ने अपनी दीपावली आपदा प्रभावित परिवारों के बीच मनाई। वे स्वयं ग्रामीणों के घर पहुँचे और महिलाओं, बच्चों एवं ग्रामवासियों से आत्मीय बातचीत की। ग्रामवासियों की मांग पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को क्षेत्र में रिवर ट्रेनिंग कार्य प्रारंभ करने और सुरक्षा दीवार निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों का हालचाल जाना और उन्हें हरसंभव सहायता एवं पुनर्वास का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावितों के साथ पूर्ण रूप से खड़ी है। आपदा से प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति की पीड़ा सरकार की अपनी पीड़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा—

दीपावली केवल रोशनी का नहीं, बल्कि संवेदनाओं और एकता का त्योहार है। हमें अपने जीवन में भी उम्मीद और मुस्कान की ज्योति जलाए रखनी चाहिए।”

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण कार्यों को शीघ्र गति से पूरा किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। जिन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके लिए वैकल्पिक आवास की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। साथ ही जो परिवार फिलहाल किराये पर रह रहे हैं, उनके किराये के भुगतान की व्यवस्था भी निर्धारित मानकों के अनुसार की जाएगी।

मुख्यमंत्री के आगमन से प्रभावित परिवारों के चेहरों पर प्रसन्नता झलकी। स्थानीय लोगों ने कहा कि मुख्यमंत्री का उनके बीच आना और दीपावली मनाना कठिन समय में उन्हें नई ऊर्जा और हौसला देता है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, गढ़वाल आयुक्त श्री विनय शंकर पांडे सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Uma Shankar Kukreti