Uttarakhand

यूके ट्रिपल एससी पेपर लीक पर कांग्रेस का हमला — सरकार और छात्र नेताओं से मांगा जवाब

 

कहा, बताएं सीबीआई जांच का क्या हुआ और गणेश मर्तोलिया अब तक पद पर क्यों हैं

देहरादून।
यूके ट्रिपल एससी स्नातक स्तरीय परीक्षा पेपर लीक को एक महीना पूरा होने पर कांग्रेस ने राज्य सरकार और आंदोलनरत छात्रों के नेताओं से कड़े सवाल पूछे हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि सरकार और आंदोलन का नेतृत्व करने वाले युवा दोनों अब चुप हैं, जबकि बेरोजगारों को अभी तक कोई ठोस जवाब नहीं मिला।

धस्माना ने कहा कि कांग्रेस ने पेपर लीक सामने आने के दिन (21 सितंबर) ही सरकार से सीबीआई जांच, यूके ट्रिपल एससी अध्यक्ष गणेश मर्तोलिया की बर्खास्तगी, और परीक्षा निरस्त कर पुनः परीक्षा आयोजित करने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि दबाव में सरकार ने बाद में सीबीआई जांच की संस्तुति, एकल सदस्य न्यायिक आयोग की नियुक्ति और परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया, पर अब तक सीबीआई जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं है।

उन्होंने कहा —

“एक महीना बीत गया, लेकिन सीबीआई जांच का स्टेटस क्या है?
क्या पेपर लीक करने वालों का पर्दाफाश होगा?
और जो यूके ट्रिपल एससी अध्यक्ष गणेश मर्तोलिया पहले लीक से इंकार कर रहे थे, वे अब तक पद पर क्यों हैं?”

धस्माना ने कहा कि यदि सरकार जल्द ठोस जवाब नहीं देती, तो कांग्रेस आंदोलन की अगली रणनीति तैयार करेगी।


भाजपा विधायकों की बयानबाजी पर कांग्रेस का पलटवार — “हमारे आरोपों पर लगी मोहर”

पत्रकारों के सवालों पर धस्माना ने कहा कि कांग्रेस के आरोपों की पुष्टि अब भाजपा नेता खुद कर रहे हैं।
उन्होंने कहा —

“भाजपा के वरिष्ठ विधायक खजान दास ने स्वीकार किया कि प्रभारी मंत्री अपने जिलों में नहीं जा रहे, और वरिष्ठ विधायक बिशन सिंह चुफाल ने कहा कि अधिकारी मुख्यमंत्री और मंत्रियों के आदेश नहीं मानते।”

धस्माना ने कहा कि यह सब साबित करता है कि राज्य में नौकरशाही बेलगाम हो चुकी है और सरकार का सिस्टम पर नियंत्रण खत्म हो गया है।

 

Uma Shankar Kukreti