राज्यपाल ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर की पूजा-अर्चना, राज्य और देश की सुख-समृद्धि की कामना
राज्यपाल ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर की पूजा-अर्चना, राज्य और देश की सुख-समृद्धि की कामना

चमोली, 21 अक्टूबर 2025 (सू.वि.)
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) मंगलवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने राज्य और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। राज्यपाल ने लगभग एक घंटे तक धाम में समय व्यतीत किया।

राज्यपाल अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रातः हैलीकॉप्टर से बदरीनाथ हैलीपैड पहुंचे, जहां जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने उनका स्वागत किया। पुलिस द्वारा राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके उपरांत वे कार से मंदिर पहुंचे।

इस दौरान राज्यपाल ने जिलाधिकारी गौरव कुमार से बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने सिविक अमीनिटी सेंटर, सिविक कम्युनिटी सेंटर, अराइवल प्लाज़ा और हॉस्पिटल बिल्डिंग के निर्माण कार्यों के संबंध में जानकारी दी। राज्यपाल ने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि “यह विकास कार्य हमें विश्व गुरु और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अग्रसर कर रहे हैं।”

उन्होंने कार्यदायी संस्था को मास्टर प्लान के कार्यों का फोटो सहित विस्तृत डॉक्यूमेंटेशन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही शेषनेत्र और बद्रीश झील की नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा आस्था पथ पर प्रकाश व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए।

राज्यपाल ने चारधाम यात्रा की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और मंदिर समिति की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के बीच उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला है। इस कार्य में लगे सभी पंडा-पुजारी, पुलिसकर्मी, मंदिर समिति के सदस्य और प्रशासनिक अधिकारी बधाई के पात्र हैं।

राज्यपाल ने कहा कि “यहां का वातावरण अत्यंत दिव्य और आनंददायक है। लोगों के चेहरों पर प्रसन्नता देखकर मैं अभिभूत हूं। विश्वभर के लोगों को बदरीनाथ धाम में दर्शन कर इस दिव्यता का अनुभव करना चाहिए।”
अंत में हेलीपैड पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने राज्यपाल को स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, बीकेटीसी प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, नगर पंचायत बदरीनाथ के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
