हारनपुर: बजरी से लदा डंपर कार पर पलटा, एक ही परिवार के 7 लोगों की दर्दनाक मौत
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। कोलकी अंडरपास के पास बजरी से लदा एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह मलबे और बजरी के नीचे दब गई, जिसमें सवार एक ही परिवार के सात लोगों की मौके पर मौत हो गई।
गमी में शामिल होने जा रहे थे परिवार के लोग
जानकारी के अनुसार गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव सोना निवासी 26 वर्षीय संदीप अपने परिवार के साथ कार से मामा के घर गमी में शामिल होने जा रहा था। उसके साथ कार में मां रानी देवी, बहन जोली, बहनोई शेखर, तीन वर्षीय भांजा, मौसेरा भाई विपिन और रिश्तेदार राजू सेनी सवार थे।
कोलकी अंडरपास पार करने के बाद वे कार खड़ी कर किसी का इंतज़ार कर रहे थे, तभी पीछे से आया डंपर अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया और पूरा परिवार मलबे में दब गया।
तेज रफ़्तार और ओवरलोडिंग की आशंका
स्थानीय लोगों और ग्राम प्रधान के अनुसार डंपर तेज रफ्तार में था और ओवरलोड भी था। लोगों का यह भी आरोप है कि चालक नशे में था।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। डंपर और बजरी को हटाने में कई घंटे लगे। जेसीबी, क्रेन और कटर मशीन की मदद से शवों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच तेज रफ्तार, लापरवाही, ओवरलोडिंग और शराब पीकर ड्राइविंग की दिशा में की जा रही है।
मृतकों की पहचान
हादसे में जिन 7 लोगों की जान गई, उनकी पहचान इस प्रकार है—
- संदीप कुमार (24)
- जोली (27)
- शेखर (28)
- रानी देवी (62)
- विपिन (20)
- राजू सेनी (27)
- एक तीन वर्षीय बच्चा
गांव में मातम
घटना की जानकारी मिलते ही गांव सोना और सैयद माजरा में कोहराम मच गया। गमी में शामिल होने जा रहा परिवार खुद सड़क हादसे का शिकार हो गया, जिससे दोनों गांवों में मातम छा गया।
