खटीमा हत्याकांड में दो और आरोपी गिरफ्तार, एसएसपी मणिकांत मिश्रा का अपराधियों पर कड़ा रुख
खटीमा । ऊधमसिंहनगर पुलिस को खटीमा में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सोमवार को दो और नामजद आरोपियों — गुफरान और समीर — को गिरफ्तार किया है। इससे पहले आरोपी हाशिम को पुलिस मुठभेड़ के दौरान धर दबोचा गया था। इस तरह अब तक तीन अभियुक्त पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
12 दिसंबर 2025 की रात कोतवाली खटीमा क्षेत्र के रोडवेज बस स्टेशन के सामने मारपीट की गंभीर घटना हुई थी। वारदात में तुषार शर्मा गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई, वहीं सलमान और अभय उर्फ बाबू को गंभीर चोटें आईं। इस संबंध में मृतक के पिता मनोज शर्मा की तहरीर पर थाना खटीमा में एफआईआर संख्या 336/2025 दर्ज की गई थी, जिसमें हाशिम, गुफरान, समीर, पप्पू चायवाला, शहबाज सहित अन्य के नाम शामिल थे।घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर मणिकांत मिश्रा ने त्वरित एक्शन लेते हुए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने 13 दिसंबर की रात आरोपी हाशिम को झनकट क्षेत्र में ईंट भट्टे के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। वहीं, 15 दिसंबर की सुबह मुखबिर की सूचना पर मजगमी पुल के पास सितारगंज रोड से गुफरान पुत्र मौ० सिद्दीक उर्फ पप्पू चायवाला (20 वर्ष) और समीर उर्फ मैरी पुत्र मौ० यामीन (19 वर्ष) को दबोच लिया गया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही, पुलिस ने हत्याकांड में शामिल आरोपियों की चल और अचल संपत्तियों की भी जांच शुरू कर दी है।एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, और कानून के तहत कठोर कदम उठाए जाएंगे।
