देहरादून

देवरिया की ग़ज़लनिगार संतोष मिश्रा ‘सोनी’ को मिला “भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी सम्मान” देवरिया/लखनऊ

लखनऊ:- उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद की सुप्रसिद्ध ग़ज़लनिगार, शायरा, गायिका एवं कवयित्री संतोष मिश्रा सोनी को साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए “भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती के अवसर पर 25 दिसंबर 2025 को लखनऊ स्थित सूचना विभाग भवन के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित भव्य कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अम्मार रिज़वी (पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश) ने संतोष मिश्रा ‘सोनी’ को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं निहारिका साहित्यिक ग्रुप की संस्थापिका एवं प्रख्यात लेखिका-कवयित्री रीमा सिन्हा सहित विशिष्ट अतिथियों — ज्योति मल्होत्रा (अधीक्षिका, बलरामपुर महिला अस्पताल), पद्मश्री डॉ. विद्या बिंदु सिंह, वरिष्ठ साहित्यकार महेंद्र सिंह भीष्म तथा प्रख्यात चिकित्सक डॉ. उमंग खन्ना (लखनऊ) द्वारा उन्हें अटल सम्मान मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन में भारत सहित दुबई, कनाडा, लंदन, अमेरिका और नेपाल से आए साहित्यकारों, पत्रकारों, समाजसेवियों एवं चिकित्सकों समेत लगभग डेढ़ सौ विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद संतोष मिश्रा ‘सोनी’ ने इस उपलब्धि के लिए रीमा सिन्हा का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें इस सम्मान के योग्य समझकर चयनित किया, यह उनके लिए अत्यंत गौरव का विषय है। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड के वरिष्ठ कवि, साहित्यकार एवं समीक्षक नरेश चंद्र उनियाल का भी आभार जताया, जिन्होंने उन्हें इस सम्मान के लिए नामांकन हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान रीमा सिन्हा की फरमाइश पर संतोष मिश्रा ‘सोनी’ ने अपनी लोकप्रिय ग़ज़ल “सफ़र मेरा फ़रोज़ां है सनम, इक तेरे होने से” प्रस्तुत की, जिसे सुनकर सभागार में उपस्थित लगभग 200 श्रोता भावविभोर हो उठे और उन्होंने जमकर वाहवाही की।
प्रिंट मीडिया वर्किंग जर्नलिस्ट एसोसिएशन एवं निहारिका साहित्यिक समूह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह ने साहित्यिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।
संतोष मिश्रा ‘सोनी’ की इस विशिष्ट उपलब्धि पर उनके मित्रों, क्षेत्रवासियों, साहित्य प्रेमियों, रिश्तेदारों एवं परिवारजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Uma Shankar Kukreti