दून ऑटो रिक्शा यूनियन ने 6 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार को दी चेतावनी, 20 जनवरी को सीएम आवास कूच का ऐलान
देहरादून | 07 जनवरी 2026
आज दिनांक 07.01.2026 को उत्तरांचल प्रेस क्लब में दून ऑटो रिक्शा यूनियन द्वारा एक अहम प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान यूनियन ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, प्रिंट मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से ऑटो चालकों की वर्षों से लंबित समस्याओं को सार्वजनिक रूप से रखा।
प्रेस वार्ता की शुरुआत यूनियन के प्रभारी सी.पी. सिंह ने की। उन्होंने मंच पर उपस्थित पदाधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सभागार में मौजूद सभी ऑटो चालकों का स्वागत करते हुए कहा कि ऑटो चालकों की समस्याएं बीते कई वर्षों से लंबित हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन न तो वार्ता कर रहा है और न ही समाधान के प्रति कोई गंभीर पहल दिखाई दे रही है। इसी उपेक्षा के चलते यूनियन ने प्रेस के माध्यम से अपनी बात जनता और शासन तक पहुंचाने का निर्णय लिया है।
प्रेस वार्ता की अध्यक्षता कर रहे यूनियन अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने बताया कि परिवहन प्राधिकरण के समक्ष पूर्व में छह सूत्रीय मांगें रखी जा चुकी हैं, लेकिन आज तक उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
यूनियन की प्रमुख 6 सूत्रीय मांगें इस प्रकार हैं—
निजी नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहन, जो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यावसायिक रूप से संचालित हो रहे हैं, उन्हें तत्काल बंद किया जाए, क्योंकि इससे सीएनजी ऑटो रिक्शा चालकों का रोजगार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
इलेक्ट्रॉनिक ऑटो/रिक्शाओं के नए पंजीकरण पर कम से कम 10 वर्षों के लिए तत्काल रोक लगाई जाए।
ई-रिक्शा अथवा इलेक्ट्रिक ऑटो की खरीद-बिक्री केवल उत्तराखंड के स्थायी निवासियों के बीच ही की जाए।
3+1 ऑटो परमिट की परिधि 25 किलोमीटर से बढ़ाकर 40 किलोमीटर की जाए अथवा ऑटो चालकों को जौलीग्रांट एयरपोर्ट तक सवारी ले जाने की अनुमति दी जाए।
ई-रिक्शाओं का संचालन शासन द्वारा जारी गजट नोटिफिकेशन के अनुसार केवल मोहल्लों व गलियों में किया जाए, न कि मुख्य मार्गों पर।
फिटनेस सेंटर को देहरादून शहर के केंद्र में स्थापित किया जाए या उसे मैन्युअल किया जाए।
यूनियन के महामंत्री शशिकांत भट्ट ने कहा कि वर्तमान में फिटनेस सेंटर माजरी माफी में स्थित है, जो ऑटो चालकों की निर्धारित 25 किलोमीटर परिधि से बाहर है। ऐसे में किसी दुर्घटना की स्थिति में ऑटो चालकों को बीमा का लाभ भी नहीं मिल पाता। इसलिए परिधि 40 किलोमीटर किए जाने की मांग बार-बार उठाई जा रही है।
यूनियन अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 19 जनवरी 2026 तक ऑटो चालकों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो 20 जनवरी 2026 को सुबह 11 बजे देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार के समस्त ऑटो चालक कंपनी चौक, रेसकोर्स देहरादून से मुख्यमंत्री आवास तक कूच करेंगे।
इस मौके पर राजेंद्र लामा (टीटू), अध्यक्ष देवभूमि ऑटो रिक्शा यूनियन ऋषिकेश तथा राजेंद्र सिंह यादव, अध्यक्ष ऑटो रिक्शा एसोसिएशन हरिद्वार ने संयुक्त रूप से ऐलान किया कि उनकी यूनियनें इस आंदोलन में तन-मन-धन से दून ऑटो रिक्शा यूनियन का समर्थन करेंगी।
प्रेस वार्ता में सौरभ कुमार कांगड़ा, गुलगोशन, यूनियन कार्यसमिति के सदस्य एवं सौ से अधिक ऑटो चालक मौजूद रहे।
यूनियन ने साफ कहा कि यदि हालात बिगड़ते हैं तो इसकी जवाबदेही सीधे तौर पर सरकार की होगी।
