देहरादून में खाद्य प्रतिष्ठानों पर सघन जांच, गंदगी मिलने पर फास्ट फूड दुकान बंद
देहरादून | 21जनवरी 2026
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड के आयुक्त सचिन कुर्वे के निर्देशों के क्रम में आज जनपद देहरादून में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया।

यह कार्रवाई आर. एस. रावत, उपायुक्त गढ़वाल मंडल, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के नेतृत्व में की गई। टीम द्वारा नींबूवाला, ढाकरा, गढ़ीकैंट सहित विभिन्न क्षेत्रों में रेस्टोरेंट, ढाबों, फास्ट फूड, स्वीट शॉप और परचून की कुल 18 दुकानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान तैयार खाद्य पदार्थ मोमो का नमूना जांच के लिए लिया गया। वहीं एक फास्ट फूड प्रतिष्ठान में अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर उसे तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए गए। साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त होने तक खाद्य कारोबार संचालित करने पर रोक लगाई गई है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा द्वारा जिला अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आम उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संयुक्त निरीक्षण टीम में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जनपद देहरादून मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र रमेश सिंह, ऋषिकेश क्षेत्र के संतोष कुमार तथा विकासनगर क्षेत्र के वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
