महापौर विकास शर्मा ने किया पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ, कहा- अंत्योदय ही भाजपा का मूल मंत्र
रुद्रपुर। गंगापुर रोड स्थित सनराइज होटल के सभागार में रुद्रपुर के संत कबीर मंडल द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। समूचा सभागार भाजपा के जयघोषों से गूंज उठा और कार्यकर्ताओं में संगठनिक गतिविधियों को लेकर जबरदस्त उत्साह नजर आया।
मुख्य वक्ता के रूप में महापौर विकास शर्मा ने ‘वैचारिक अधिष्ठान’ विषय पर संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल अपने अनुशासन और स्पष्ट विचारधारा के कारण है। पार्टी की नीतियां अन्य दलों से अलग हैं, जहां सामान्य कार्यकर्ता निष्ठा से शीर्ष पदों तक पहुंच सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह प्रशिक्षण केवल सीखना नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के लिए खुद को समर्पित करने का माध्यम है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ सिद्धांत पर प्रकाश डालते हुए महापौर ने कहा, “अंत्योदय का संकल्प ही भाजपा का मूल मंत्र है। सरकार और संगठन का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। जब तक गांव, गरीब और किसान का उत्थान नहीं होगा, विकसित भारत का सपना अधूरा रहेगा।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने का आह्वान किया, इसे सच्ची राजनीति और वैचारिक परीक्षा बताया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, मंडल अध्यक्ष मुकेश पाल, मंडल महामंत्री जितेंद्र संधू, नरदेव शर्मा, गजेंद्र प्रजापति ने संगठन मजबूती पर विचार रखे। वरिष्ठ महिला नेता शैली फुटेला, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी, जिला उपाध्यक्ष स्वाती शर्मा, पिंकी चतुर्वेदी, ममता त्रिपाठी, अर्चना राय, साधना शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।
