देहरादून में “ऑपरेशन प्रहार”: प्रेमनगर में पुलिस की बड़ी नाइट रेड, संदिग्धों पर सख्त कार्रवाई
वीकेंड पर चलाए जा रहे “नाइट स्ट्राइक” अभियान में तेज़ हुई कार्रवाई
होटल, पीजी, रिसॉर्ट और पब पर एक साथ छापेमारी
देर रात तक घूमने वालों से पूछताछ, कई संदिग्ध थाने लाए गए
Dehradun में एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत वीकेंड पर दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
प्रेमनगर क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया और समस्त नगर पुलिस बल को संदिग्ध, असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में देर रात प्रेमनगर थाना क्षेत्र में होटल, रिसॉर्ट, हॉस्टल और पीजी में एक साथ औचक छापेमारी की गई। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इस दौरान पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और देर रात तक सड़कों पर घूमने वाले व्यक्तियों से सघन पूछताछ की। कई संदिग्धों को थाने लाकर सत्यापन की कार्रवाई भी की गई।
एसएसपी का स्पष्ट संदेश है कि आमजन की सुरक्षा दून पुलिस की पहली प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अवैध या असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस की यह कार्रवाई देर रात तक जारी रही और आने वाले दिनों में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाने की बात कही जा रही है।
