कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने किया बायोटेक भवन का लोकार्पण
- रुद्रपुर । उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सुराज, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रदीप बत्रा ने सोमवार को गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में जैव प्रौद्योगिकी परिषद के मुख्यालय भवन का लोकार्पण किया। मुख्यातिथि के रूप में उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर शिलापट्ट का अनावरण किया तथा राष्ट्रगीत वंदे मातरम के गायन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मंत्री श्री बत्रा ने सम्बोधन में कहा कि कृषि उत्पादकता बढ़ाने में जैवप्रौद्योगिकी की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने वैज्ञानिक सोच, तकनीकों और उत्पादों के आयात को बढ़ावा देने पर जोर दिया। रसायन-रहित फसल उत्पादन के लिए जैवप्रौद्योगिकी आधारित प्रजातियों के विकास हेतु वैज्ञानिकों को प्रेरित करते हुए उन्होंने नैनो उर्वरक, हर्बल ग्रीन टी, हर्बल साबुन, समरानी कप तथा मशरूम अचार जैसे परिषद के उत्पादों का विमोचन कर जनता को समर्पित किया। इससे पहले उन्होंने भवन की प्रयोगशाला और पुस्तकालय का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्हें अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
निदेशक बायोटेक डॉ. संजय कुमार ने परिषद की गतिविधियों व नवीन योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि परिषद का उद्देश्य शोध व विकास कार्यों को प्रदेश के किसानों, युवाओं व उद्यमियों तक पहुंचाना है। अतिथि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला व प्रगतिशील किसान डॉ. एस.एस. गौरैया ने भी सम्बोधित किया। अवसर पर प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में ‘एक पेड़ मां के नाम मिशन’ के तहत वृक्षारोपण हुआ, जिसमें मंत्री श्री बत्रा ने रुद्राक्ष का पेड़ लगाया। संचालन डॉ. मणिंद्र मोहन व डॉ. कंचन कार्की ने किया। इस दौरान डॉ. समीना मेहताब, डॉ. रविंद्र सिंह, डॉ. के.सी. वर्मा, डॉ. रत्ना राय, डॉ. आर.के. शर्मा, डॉ. आशुतोष मिश्रा, डॉ. गुरविंदर सिंह, डॉ. सुमित पुरोहित सहित परिषद के अधिकारी, कर्मचारी व शोधार्थी उपस्थित रहे।
