पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर जहर देकर पति की हत्या, 36 घंटों में खुलासा-दोनों गिरफ्तार
काशीपुर। एसएसपी अजय गणपति के सख्त निर्देशों पर कोतवाली आईटीआई पुलिस ने मात्र 36 घंटों में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। अवैध संबंधों के चलते पत्नी गुड्डी ने प्रेमी कपिल मौर्या उर्फ राहुल के साथ मिलकर पति कुलवंत सिंह को जहर मिली शराब पिलाकर मौत के घाट उतार दिया और शव को नहर में फेंक दिया।
घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया एक मई को चंद्रवती ने थाना आईटीआई में पुत्र कुलवंत की गुमशुदगी की तहरीर दी, जो 25 अप्रैल को पत्नी गुड्डी के पास वांसखेड़ा गया था और लौटा नहीं। जांच में गुड्डी पर संदेह हुआ, एफआईआर 130/2026 धारा 140(3) BNS दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। सर्विलांस से पता चला कि गुड्डी का प्रेमी कपिल मौर्य के साथ घटना वाले दिन एक ही जगह थे। पूछताछ में गुड्डी ने कबूल किया कि शराबी पति के उत्पीड़न से तंग आकर प्रेमी से जहर-शराब मंगवाई, पिलाकर हत्या की और अल्टो कार (UP88-BB-6054) से शव को एनएच-74 बाईपास पुल के पास तुमड़िया डैम नहर में फेंक दिया।पुलिस ने साक्ष्य संकलन व पूछताछ के आधार पर रामपुर के खानपुर उत्तरी निवासी 28 वर्षीय गुड्डी व रामपुर के मसवासी निवासी 29 वर्षीय कपिल को गिरफ्तार कर धारा 103(1), 123, 238, 61(2)(क) BNS जोड़ी। दोनों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। निशानदेही पर पुलिस व एसडीआरएफ नहर में शव तलाश रही है, जो अब तक बरामद नहीं हुआ।एसएसपी अजय गणपति ने कहा, “जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं। अपराधी पुलिस की पकड़ से नहीं बच सकते। संदिग्ध गतिविधि की सूचना दें, जनपद पुलिस सतर्क है।”
खुलासा करने वाली पुलिस टीम
- प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार (आईटीआई)
- प्रभारी एसओजी सुनील सूतेड़ी
- उपनि. अरविंद बहुगुणा, उपनि. जसविंदर सिंह
- अ.उ.नि. दीपक चौहान, हे.क. कैलाश तोमक्याल (एसओजी)
- कां. हरीश नेगी, म.कां. सीमा, कां. धर्मेन्द्र भारती, सुरेन्द्र काम्बोज
