देश अब नारे नहीं, काम पर वोट देता है : मुख्यमंत्री धामी
प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल को बताया जनकल्याण, सुशासन और विकास का स्वर्णिम काल, कहा- उत्तराखंड में 3 लाख करोड़ से अधिक की परियोजनाएं संचालित
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के 12 वर्ष के कार्यकाल को सेवा, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित बताया।
“देश अब नारे नहीं, काम पर वोट देता है” – मुख्यमंत्री धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 में लगातार तीन बार जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्थन देकर यह साबित किया है कि देश अब केवल वादों पर नहीं, बल्कि विकास कार्यों के आधार पर मतदान करता है।
“कांग्रेस के समय योजनाएं कागजों पर, मोदी सरकार में धरातल पर”
उन्होंने कहा कि पहले सरकारें योजनाओं का शिलान्यास करती थीं, लेकिन उनका लाभ जनता तक नहीं पहुंच पाता था। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में योजनाएं तय समय पर पूरी होकर जनता को समर्पित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं तथा डीबीटी के माध्यम से लाखों करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचे हैं।
“गरीबी हटाने के नारे नहीं, गरीबों का जीवन बदला”
उन्होंने कहा कि 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 4 करोड़ परिवारों को पक्के मकान और 11 करोड़ महिलाओं को उज्ज्वला योजना का लाभ मिला है। जनधन, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत अभियान ने गरीबों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है।
“नया भारत आतंकवाद का जवाब घर में घुसकर देता है”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाइयों ने दुनिया को भारत की नई कार्यशैली दिखाई है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा दोनों मजबूत हुई हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में जहां प्रतिदिन 11 किलोमीटर सड़क निर्माण होता था, वहीं आज यह आंकड़ा 34 किलोमीटर प्रतिदिन से अधिक हो गया है। वंदे भारत ट्रेन, अटल टनल और चेनाब ब्रिज नए भारत की पहचान बन चुके हैं।
“उत्तराखंड से प्रधानमंत्री मोदी का विशेष भावनात्मक जुड़ाव”
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं संचालित हैं। केदारनाथ-बदरीनाथ धाम पुनर्विकास, ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और दिल्ली-देहरादून आर्थिक कॉरिडोर से राज्य में विकास को नई गति मिली है।
उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा में इस वर्ष अब तक 35 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं, जबकि आदि कैलाश यात्रा में भी रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
“2.54 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी”
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। उत्तराखंड में लाखों महिलाएं स्वरोजगार और स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं।
“कांग्रेस के लिए उत्तराखंड चुनावी पर्यटन, मोदी के लिए आस्था का केंद्र”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जिन परियोजनाओं को वर्षों तक फाइलों में दबाए रखा, उन्हें डबल इंजन सरकार ने धरातल पर उतारा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीते वर्षों में 28 से अधिक बार उत्तराखंड का दौरा कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाना, तीन तलाक समाप्त करना, डिजिटल इंडिया, जनधन योजना, जीएसटी, कोविड वैक्सीन निर्माण और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता जैसे अनेक ऐतिहासिक निर्णय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लिए गए हैं।
“भारत जल्द बनेगा दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था”
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प जल्द साकार होगा और भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरेगा।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
