अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एम्स ऋषिकेश में योग की धूम, गंगा तट से सभागार तक हुआ सामूहिक योगाभ्यास
ऋषिकेश, 21 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एम्स ऋषिकेश में विभिन्न योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है तथा यह स्वस्थ और तनावमुक्त जीवन की कुंजी है।

योग दिवस के तहत प्रातःकाल गंगा तट स्थित गंगेश्वर घाट पर विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रो. मीनू सिंह ने स्वयं प्रतिभाग कर योगाभ्यास कर रहे चिकित्सकों, कर्मचारियों और अन्य प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इसके अतिरिक्त संस्थान के मुख्य सभागार में फैकल्टी सदस्यों एवं कर्मचारियों के लिए सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) रखी गई है। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर व्यक्ति के संपूर्ण व्यक्तित्व के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर संस्थान के फैकल्टी सदस्यों, प्रशासनिक अधिकारियों, हेल्थ केयर वर्करों और अन्य कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में डीन अकादमिक प्रो. सौरभ वार्ष्णेय, उपनिदेशक प्रशासन लेफ्टिनेंट कर्नल गोपाल मेहरा, कार्यवाहक चिकित्सा अधीक्षक प्रो. मोहित ढींगरा, प्रो. संजीव कुमार मित्तल, आयुष विभागाध्यक्ष डॉ. मोनिका पठानिया, डॉ. वंदना धींगरा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीलोय मोहंती, डॉ. श्वेता मिश्रा, डॉ. मृणालिनी सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
योग दिवस पर एम्स ऋषिकेश में सामूहिक योगाभ्यास, प्रो. मीनू सिंह बोलीं- योग स्वस्थ जीवन की कुंजी
