देहरादून

विश्व योग दिवस पर प्रेरणादायक आयोजन, 350 छात्र-छात्राओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प

डोईवाला (देहरादून)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सीआईएमएस ग्रुप ऑफ कॉलेज, देहरादून में एक भव्य योगाभ्यास एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 350 छात्र-छात्राओं ने “नशामुक्त भारत अभियान, विकसित भारत” के समर्थन में नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।


यह आयोजन सीआईएमएस ग्रुप ऑफ कॉलेज, समाज कल्याण विभाग, माय भारत (युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार), यूथ फाउंडेशन तथा उत्तराखंड डिफेंस एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं सीआईएमएस कॉलेज के चेयरमैन, सजग इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष अधिवक्ता ललित जोशी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने परिवार, समाज और शिक्षण संस्थानों को ड्रग्स एवं नशे से मुक्त रखने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। यही राष्ट्र निर्माण में हमारी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
कार्यक्रम में योगाचार्य श्रीमती कविता डोबरियाल ने लगभग 350 छात्र-छात्राओं को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। साथ ही सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प भी लिया।


इस अवसर पर माय भारत के स्टेट डायरेक्टर अनिल कुमार सिंह एवं डिप्टी डायरेक्टर मोनिका नांदल विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सीआईएमएस के निदेशक रमेश, यूथ फाउंडेशन से कैप्टन कुंवर कुलदीप भगवती, कर्नल जे.एस. नेगी, मेजर ललित, डॉ. अंजना गुसाईं, नगमा हसन, माय भारत के राष्ट्रीय स्वयंसेवक आशीष सगोई, नकरौंदा यूथ क्लब के अध्यक्ष अभिषेक राणा सहित विवेक, योगेश, सगुन एवं बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान योग, स्वास्थ्य और नशामुक्ति के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई तथा युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Uma Shankar Kukreti