Crimeदेहरादून

पालतू कुत्तों के विवाद ने लिया खूनी मोड़, दरोगा और बेटे पर धारदार हथियार से हमला

 

छह नंबर पुलिया स्थित आदर्श कॉलोनी में दो परिवार आमने-सामने, पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर दर्ज किया मुकदमा

देहरादून :  राजधानी के थाना क्षेत्र के छह नंबर पुलिया स्थित आदर्श कॉलोनी में पालतू कुत्तों को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में देहरादून कोतवाली में तैनात एक दरोगा और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के सिर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पुलिस ने दरोगा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत की भी जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, दरोगा अपने पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आदर्श कॉलोनी आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रात में वह अपने पालतू कुत्ते को चेन से बांधकर वाहन की ओर लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी के घर से एक पिटबुल कुत्ता बाहर निकल आया और उनके कुत्ते पर हमला कर दिया।

दरोगा का आरोप है कि उन्होंने और उनके बेटे ने किसी तरह अपने कुत्ते को छुड़ाया, लेकिन इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ मौके पर पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि इस दौरान दरोगा के सिर पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे पर भी हमला किया गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके सिर में टांके लगाए।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान गले से सोने की चेन भी छीन ली गई और परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई हैं और दोनों ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। एक पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Uma Shankar Kukreti