Crime

स्कूटी की टक्कर के बाद विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप, एक गिरफ्तार

देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में स्कूटी की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद मारपीट और बंधक बनाने तक पहुंच गया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश और मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, जाखन कैनाल रोड निवासी आजाद रावत ने 4 जुलाई 2026 को थाना पटेलनगर में तहरीर देकर बताया कि 3 जुलाई की रात करीब आठ बजे लालपुल के पास स्कूटी चालक अंकुर वाल्मीकि ने उन्हें टक्कर मार दी थी। हादसे के दौरान स्कूटी चालक का मोबाइल फोन भी सड़क पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद के बाद स्कूटी चालक अंकुर वाल्मीकि ने अपने साथियों को मौके पर बुलाया और मोबाइल फोन ठीक कराने की बात कहते हुए आजाद रावत को अपने साथ मंडी क्षेत्र ले गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई और अमानवीय व्यवहार किया गया।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान वादी, गवाहों और चिकित्सकों के बयान दर्ज किए गए तथा घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज का भी अवलोकन किया गया।

जांच के आधार पर पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 109 की वृद्धि करते हुए नामजद आरोपी अंकुर वाल्मीकि पुत्र प्रीतम वाल्मीकि निवासी न्यू बस्ती, पटेलनगर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान चिकित्सकीय रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों में पीड़ित को बिजली का करंट लगाने, गर्म लोहे की रॉड से दागने अथवा गुप्तांगों पर पेंचकश से चोट पहुंचाने जैसी बातों की पुष्टि नहीं हुई है। इस संबंध में कोई ठोस साक्ष्य भी नहीं मिले हैं।

जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि वादी और आरोपी पहले से एक-दूसरे के परिचित थे। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।