देहरादून

इस शासनादेश के अनुसार उत्तराखंड सरकार ने पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) जवानों को बड़ी राहत दी है।

पीआरडी जवानों को बड़ी सौगात: अस्पताल में भर्ती रहने पर 6 माह तक मिलेगा ड्यूटी भत्ता/मानदेय
धामी सरकार का बड़ा फैसला, इलाज के दौरान भी पीआरडी जवानों का मानदेय नहीं रुकेगा।

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए आदेश जारी किया है कि ड्यूटी के दौरान घायल होने या बीमार पड़कर अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति में पीआरडी जवानों को उपचार अवधि के दौरान अधिकतम छह माह (180 दिन) तक ड्यूटी पर माना जाएगा तथा उनका मानदेय/ड्यूटी भत्ता नियमित रूप से दिया जाएगा।
विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा द्वारा जारी शासनादेश में कहा गया है कि यह सुविधा केवल उन पीआरडी स्वयंसेवकों को मिलेगी जो ड्यूटी या प्रशिक्षण के दौरान घायल अथवा बीमार होकर अस्पताल में इन-पेशेंट (भर्ती) के रूप में उपचार करा रहे हों।
मुख्य प्रावधान
ड्यूटी/प्रशिक्षण के दौरान अस्पताल में भर्ती होने पर अधिकतम 180 दिन तक मानदेय मिलेगा।
अस्पताल में भर्ती होने का चिकित्सकीय प्रमाणपत्र अनिवार्य होगा।
संबंधित जिला एवं क्षेत्रीय पीआरडी अधिकारी पूरी अवधि का अभिलेख रखेंगे।
उपचार समाप्त होने के बाद चिकित्सकीय प्रमाणपत्र के आधार पर अवधि का सत्यापन किया जाएगा।
विभागीय ड्यूटी पर तैनात स्वयंसेवकों का मानदेय संबंधित विभाग द्वारा ही दिया जाएगा।
इस व्यवस्था के लिए अलग रजिस्टर एवं रिकॉर्ड संधारित किए जाएंगे।
यह आदेश वित्त विभाग की सहमति के बाद जारी किया गया है और तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
यह निर्णय पीआरडी जवानों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है, क्योंकि अब ड्यूटी के दौरान दुर्घटना या बीमारी की स्थिति में इलाज के समय उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

Uma Shankar Kukreti