43वें दिन भी जारी रहा राज्य आंदोलनकारी आश्रितों का क्रमिक अनशन, सरकार के खिलाफ जताया रोष
उत्तराखंड केसरी | समाचार
देहरादून, 27 जुलाई। पिछले दो वर्षों से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे राज्य आंदोलनकारी आश्रितों का उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संयुक्त मंच के तत्वावधान में शहीद स्मारक, देहरादून में चल रहा धरना-प्रदर्शन एवं क्रमिक अनशन सोमवार को लगातार 43वें दिन भी जारी रहा।
आज के क्रमिक अनशन में ऋषिकेश की शांति तड़ियाल एवं उत्तरकाशी के पंकज सिंह रावत बैठे। आंदोलनकारियों ने बैठक कर आगामी रणनीति पर चर्चा की और सरकार के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि 43 दिनों से लगातार आंदोलन के बावजूद उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उनकी नियुक्ति संबंधी मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया, तो सरकार की “बुद्धि-शुद्धि” के लिए यज्ञ आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान समर्थन देने वालों में राम किशन, नवीन नैथानी, शैलेश सेमवाल, अम्बुज शर्मा, मनोरथ प्रसाद ध्यानी, प्रभात डंडरियाल, मोहन सिंह खत्री, रामेश्वरी नेगी, आनंद सिंह तड़ियाल, हरिओम ओमी, शिव प्रसाद भट्ट, सुरेश कुमार, पुष्पा रावत, संजीव कुमार, वासुदेव नौटियाल, रामपाल सिंह, बालेश बवानिया, सावित्री पवार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
