राष्ट्रीय अंगदान माह: एम्स ऋषिकेश ने शुरू किया जागरूकता अभियान, 10 लोगों ने लिया अंगदान का संकल्प
ऋषिकेश | उत्तराखंड केसरी
राष्ट्रीय अंगदान दिवस के उपलक्ष्य में एम्स ऋषिकेश ने 16वें राष्ट्रीय अंगदान माह की शुरुआत जनजागरूकता कार्यक्रमों के साथ की। अभियान का उद्देश्य लोगों को अंगदान के महत्व से अवगत कराना और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना है।
अभियान की शुरुआत रेडियो ऋषिकेश 90.0 एफएम पर विशेष कार्यक्रम से हुई, जिसमें संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने अंगदान के महत्व और इसके प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि कॉलेज ऑफ नर्सिंग के छात्रों ने विभिन्न ओपीडी में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर मरीजों, तीमारदारों और स्वास्थ्यकर्मियों को अंगदान के लिए प्रेरित किया। अभियान के दौरान 10 लोगों ने NOTTO प्लेज रजिस्ट्री के माध्यम से अंगदान का संकल्प लिया।
एम्स प्रशासन ने बताया कि 3 अगस्त को प्रातः 5:30 बजे संस्थान के गेट नंबर-1 स्थित आस्था पथ से अंगदान जागरूकता फ्लैग मार्च एवं पदयात्रा रैली निकाली जाएगी। इस दौरान अंगदाता परिवारों को उनके प्रेरणादायी योगदान के लिए सम्मानित भी किया जाएगा।
