देहरादून में तीन रेस्टोरेंट पर जड़ा ताला, मिलावटखोरों पर आयुक्त विनय शंकर पांडे का शिकंजा
“मिलावटखोरों पर FDA का बड़ा वार: देहरादून में तीन रेस्टोरेंट सील, पनीर-दूध के लिए गए सैंपल”
पनीर-दूध और दुग्ध उत्पादों पर विशेष निगरानी, गंदगी और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई
देहरादून। खाद्य पदार्थों में मिलावट, अनधिकृत पनीर एवं गैर-दुग्ध उत्पादों के इस्तेमाल और खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता की अनदेखी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड ने देहरादून में व्यापक अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडे के निर्देश पर विभागीय टीमों ने होटल, रेस्टोरेंट, दुग्ध प्रतिष्ठानों और अन्य खाद्य कारोबारियों के यहां सघन निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, उनके स्रोत, खरीद के बिल, लेबलिंग, पैकेजिंग, बैच नंबर, निर्माण तिथि और प्रतिष्ठानों की स्वच्छता व्यवस्था की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर तीन रेस्टोरेंट को मौके पर बंद कराया गया।
आयुक्त विनय शंकर पांडे ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट, अनधिकृत दुग्ध उत्पादों का इस्तेमाल और स्वच्छता मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मिलावटखोरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और अभियान की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। अभियान में विशेष रूप से पनीर, दूध और अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता पर निगरानी बढ़ाई गई है।
होटल मधुवन, जेएसआर और सरोवर पोर्टिको की जांच
अभियान के तहत विभागीय टीम ने होटल मधुवन, जेएसआर और फाइव स्टार होटल सरोवर पोर्टिको के किचन एवं स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टोर में रखी पैक्ड इमली की लेबलिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर निर्माता को नोटिस जारी किया गया। टीम ने तैयार दाल के दो तथा चीज का एक नमूना भी जांच के लिए लिया।
राजपुर रोड पर दो रेस्टोरेंट बंद
राजपुर रोड स्थित वन विभाग कार्यालय के बाहर संचालित रेस्टोरेंटों का भी निरीक्षण किया गया। यहां दो रेस्टोरेंट के किचन में अत्यधिक गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियां मिलीं। खाद्य सुरक्षा मानकों में सुधार होने तक दोनों प्रतिष्ठानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए।
एक रेस्टोरेंट से खुले पनीर का नमूना लेकर उसके वास्तविक घटकों और गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। वहीं दूसरे प्रतिष्ठान में वैध खाद्य लाइसेंस मौके पर उपलब्ध नहीं मिला। किचन में गंभीर गंदगी पाए जाने पर संचालक को बिना वैध खाद्य लाइसेंस खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए गए।
तीन रेस्टोरेंट पर कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर राजीव पुत्र श्री दरवारी लाल, गढ़वाल भोजनालय और लजीज काठी रोल नामक तीन रेस्टोरेंट को मौके पर बंद कराया गया।
इसके अलावा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम देहरादून रमेश सिंह के नेतृत्व में टीम नेहरू ग्राम और छह नंबर पुलिया क्षेत्र के दुग्ध प्रतिष्ठानों में भी पहुंची। संदेह के आधार पर मौके से एक दूध और एक पनीर का नमूना लिया गया। सभी नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
विभाग के अनुसार खाद्य सुरक्षा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विशेष रूप से पनीर, दूध और अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता के साथ-साथ खाद्य प्रतिष्ठानों की स्वच्छता व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। नियमित निरीक्षण, नमूना संग्रह और नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई के जरिए खाद्य कारोबारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
अभियान में उपायुक्त गढ़वाल मंडल राजेंद्र रावत, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जनपद देहरादून मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र रमेश सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश संतोष कुमार सिंह और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर संजय तिवारी सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें शामिल रहीं।
