*भूमि धोखाधड़ी में फरार चल रहे अभियुक्तो की संपत्ति कुर्की की उदघोषणा करने उनके घर पहुंची दून पुलिस*
*ढोल बजाकर खोली अपराधियों की पोल*
*एसएसपी दून के नेतृत्व में भू-माफियाओं के विरुद्ध एक्शन मोड पर दून पुलिस*
भू-माफियाओं पर दून पुलिस का शिकंजा, फरार तीन आरोपियों के घर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी
देहरादून। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में भू-माफियाओं और भूमि धोखाधड़ी के मामलों में वांछित आरोपियों के खिलाफ दून पुलिस का अभियान लगातार जारी है। भूमि धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपियों के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने उनके घरों और सार्वजनिक स्थानों पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कर धारा 84 BNSS की कार्रवाई की।
थाना रायपुर में भानु प्रकाश भट्ट निवासी ग्राम बनगांव, हाल निवासी केसरवाला रायपुर की तहरीर पर सूरत सिंह नेगी, हर्षवर्धन नेगी और मोहित कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि मजरा जोलियो स्थित करीब सवा बीघा भूमि, जिसमें वादी केयरटेकर के रूप में कार्य करते हैं, के फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि को अन्य लोगों को बेचने का प्रयास किया गया। साथ ही भूमि पर लगी तारबाड़ को क्षतिग्रस्त करने, वादी के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देकर अवैध कब्जे का प्रयास करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में मु0अ0सं0 252/2026, धारा 318(4), 336(3), 338, 61(2), 351(2) एवं 352 BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने साक्ष्य संकलन करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए। लगातार फरार रहने पर पुलिस ने न्यायालय से तीनों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) प्राप्त किया और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
इसके बावजूद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहे। इसके बाद न्यायालय से धारा 84 BNSS के तहत कार्रवाई का आदेश प्राप्त किया गया। मंगलवार, 11 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों के निवास स्थानों तथा आसपास के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों और चौराहों पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई।
पुलिस ने आरोपियों के मकानों के मुख्य गेट सहित मोहल्ले के प्रमुख स्थानों पर न्यायालय द्वारा जारी उद्घोषणा नोटिस चस्पा किए। मुनादी के माध्यम से आरोपियों को न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने की सूचना दी गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि न्यायालय के समक्ष उपस्थित न होने की स्थिति में उनके खिलाफ नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ये तीन आरोपी हैं वांछित
सूरत सिंह नेगी पुत्र केसर सिंह नेगी, मूल निवासी ग्राम दूवारा, थाना रायपुर, हाल निवासी ग्राम केसरवाला, थाना रायपुर, देहरादून।

हर्षवर्धन सिंह पुत्र सूरत सिंह नेगी, निवासी ग्राम केसरवाला, थाना रायपुर, देहरादून।
मोहित कुमार पुत्र अनिल कुमार, निवासी जॉली ग्रांट, थाना डोईवाला, देहरादून।
रायपुर पुलिस द्वारा तीनों वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
