Uttarakhandदेहरादून

घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध गैस निकासी पर कड़ी कार्रवाई, वितरण वाहन जब्त

देहरादून। जिलाधिकारी, देहरादून के निर्देश पर प्राप्त शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी श्री संतोष भट्ट को मौके पर भेजकर जांच कराई गई। ग्राम सोडा सिरौली में ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर, देहरादून की घरेलू गैस वितरण गाड़ी की जांच के दौरान अनियमितता का मामला सामने आया।

जांच में वाहन में कुल 26 घरेलू गैस सिलेंडर पाए गए। इनमें से 4 सिलेंडरों से लगभग 1 किलोग्राम से 6.5 किलोग्राम तक गैस निकाली जा चुकी थी, जबकि शेष 22 सिलेंडर पूरी तरह भरे हुए मिले। स्थानीय लोगों ने भी वितरण कर्मियों द्वारा अवैध रूप से गैस निकाले जाने की पुष्टि की। इस संबंध में वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध कराया गया।

मौके से गैस स्थानांतरण में प्रयुक्त रिफिलर भी बरामद किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए गैस वितरण वाहन को तत्काल जब्त कर विधिक कार्रवाई की गई।

संबंधित कर्मचारी श्री जयप्रकाश पुत्र श्री प्रेमशंकर एवं श्री रटनेश श्री चंद्रपाल पुत्र तथा ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर, देहरादून के विरुद्ध थाना रायपुर, जनपद देहरादून में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

बरामद सभी 26 गैस सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से निकटवर्ती सहकारी गैस सेवा में जमा करा दिया गया है।

जांच दल में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी श्री संतोष भट्ट एवं पूर्ति सहायक श्री विजय शामिल रहे।

जिला पूर्ति अधिकारी, देहरादून श्री के.के. अग्रवाल ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार कड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।