देहरादून में खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन अभियान, 11 नमूने जांच को भेजे; 30 किलो बासी रसगुल्ले नष्ट
देहरादून, 27 अगस्त 2026। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के आदेशों के क्रम में जनपद देहरादून में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को सघन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से कुल 11 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए, जबकि देहराखास क्षेत्र में अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे 30 किलो बासी रसगुल्लों को मौके पर नष्ट कराया गया।

उपायुक्त खाद्य सुरक्षा गढ़वाल मंडल आर.एस. रावत के नेतृत्व में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा देहरादून मनीष सयाना और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह ने नगर निगम क्षेत्र के देहराखास और आईएसबीटी सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान देहराखास क्षेत्र से रसगुल्ला और गुलाब जामुन तथा आईएसबीटी क्षेत्र से जलेबी के नमूने जांच के लिए लिए गए।

वहीं, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने ऋषिकेश क्षेत्र के नटराज चौक सहित आसपास के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और संदेह के आधार पर मिल्क केक का एक नमूना जांच के लिए लिया।
विकासनगर क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने सहसपुर और सेलाकुई में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। यहां मिल्क केक के दो, डोडा बर्फी, बेसन लड्डू के दो, पेड़ा और सोन पापड़ी सहित कुल सात नमूने जांच के लिए लिए गए।
अभियान के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। एक खाद्य कारोबारकर्ता को सुधार नोटिस भी जारी किया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
