रायपुर में 72 वर्षीय महिला की हत्या का 12 घंटे में खुलासा, घर पर काम करने वाला हेल्पर गिरफ्तार
बकाया मजदूरी के पैसों को लेकर हुआ विवाद, पकड़े जाने के डर से आरोपी ने महिला का मुंह दबाया; सोने का कड़ा लेकर हुआ फरार
देहरादून। रायपुर क्षेत्र में 72 वर्षीय महिला की हत्या के मामले का दून पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मृतका के घर और परिचित प्रतिष्ठान पर काम करने वाला हेल्पर ही वारदात का मुख्य आरोपी निकला। बकाया मजदूरी के पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर महिला के चेहरे पर हाथ में पहने कड़े से वार किया और उनके चिल्लाने पर पकड़े जाने के डर से मुंह दबा दिया। महिला की मौत के बाद आरोपी उनके हाथ से सोने का कड़ा निकालकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को दिनेश बंसल निवासी रायपुर ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। 108 सेवा की टीम ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून स्वयं मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई। मामले में वादी की तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में मु0अ0सं0 360/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
सीसीटीवी और सर्विलांस से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले के खुलासे के लिए एसएसपी देहरादून ने अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से भी जानकारी जुटाई गई।
जांच के दौरान पुलिस को विनीत कुमार नाम के व्यक्ति की भूमिका सामने आने पर उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने आरोपी को त्रिलोक गेस्ट हाउस, रिंग रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर मृतका से लूटा गया पीली धातु का कड़ा, घटना के दौरान आरोपी द्वारा पहना गया कड़ा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
15 वर्षों से था परिवार से परिचित
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से उत्तरकाशी जिले का रहने वाला है और करीब 10 वर्षों से देहरादून में रह रहा है। वह जोगीवाला रिंग रोड स्थित त्रिलोकेश गेस्ट हाउस में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड स्थित ‘अनुज प्रकाशन’ नामक बुक शॉप में हेल्पर का काम भी करता था और परिवार को करीब 15 वर्षों से जानता था। आरोपी का कहना है कि उसकी मजदूरी की कुछ धनराशि बकाया थी और वह कई बार पैसे मांग चुका था।
घर में अकेली थीं महिला
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन आरोपी बुक शॉप से दिनेश बंसल की स्कूटी लेकर उनके घर पहुंचा। उसे पहले से जानकारी थी कि घर के पीछे की ओर का दरवाजा खुला रहता है। आरोपी ने स्कूटी बाहर खड़ी की और घर के अंदर चला गया। उस समय रेखा बंसल घर में अकेली थीं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि बकाया मजदूरी के पैसे मांगने को लेकर आरोपी और रेखा बंसल के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से महिला के चेहरे पर वार किया। चोट लगने के बाद महिला बिस्तर पर गिर गईं और चिल्लाने लगीं।
पुलिस के अनुसार, पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह दबा दिया। कुछ देर बाद जब उसे लगा कि महिला की मौत हो गई है, तो वह उनके हाथ से सोने का कड़ा निकालकर वहां से फरार हो गया। पुलिस से बचने के लिए उसने अपने कपड़े भी बदल लिए।
आरोपी के खिलाफ इन धाराओं में कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी विनीत कुमार को धारा 103(1), 309(4) और 117(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपी
विनीत कुमार पुत्र घपल्या लाल, उम्र 33 वर्ष, मूल निवासी ग्राम मंजयाली, नौगांव, तहसील बड़कोट, थाना पुरोला, उत्तरकाशी। वर्तमान में देहरादून में किराये पर रह रहा था।
बरामदगी
- मृतका से लूटा गया एक पीली धातु का कड़ा
- घटना में प्रयुक्त आरोपी का कड़ा
- एक मोबाइल फोन
पुलिस टीम को मिला पुरस्कार
घटना का त्वरित खुलासा करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र द्वारा ₹5,000 तथा एसएसपी देहरादून द्वारा ₹2,500 के नगद पुरस्कार की घोषणा की गई है।
पुलिस टीम: थाना रायपुर की टीम के साथ एसओजी देहरादून की टीम ने घटना के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
