12 साल का इंतजार खत्म, अब धरातल पर आकार ले रहा शीला–काण्डई पुल धामी सरकार की पहल से तेज हुआ निर्माण कार्य, यमकेश्वर क्षेत्र को जल्द मिलेगी बड़ी सौगात
यमकेश्वर। वर्ष 2013 की भीषण आपदा में क्षतिग्रस्त होकर बह गया शीला–काण्डई मोटर मार्ग का पुल अब वर्षों के इंतजार के बाद दोबारा आकार ले रहा है। शासन से वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद पुल का निर्माण कार्य इन दिनों तेजी से चल रहा है और मौके पर निर्माण कार्य स्पष्ट रूप से गति पकड़ चुका है।
करीब 12 वर्षों से इस महत्वपूर्ण पुल के पुनर्निर्माण की मांग क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही थी। पुल का निर्माण पूरा होने के बाद यमकेश्वर क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। यह पुल क्षेत्र के लिए महज एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि ग्रामीणों की आवाजाही, स्थानीय अर्थव्यवस्था और संपर्क व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा।
पुल के निर्माण को गति देने में उत्तराखंड सरकार, लोक निर्माण विभाग और जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार में इस लंबे समय से लंबित कार्य को वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद अब निर्माण कार्य धरातल पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
वहीं, लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज के स्तर से भी इस बहुप्रतीक्षित पुल को लेकर लगातार प्रयास किए गए। क्षेत्रीय विधायक रेणु बिष्ट द्वारा भी क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण आवश्यकता को शासन के समक्ष उठाया गया।
कृष्ण मोहन रतूड़ी के प्रयासों को भी मिला श्रेय
इस पुल के निर्माण को लेकर लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज के जनसंपर्क अधिकारी कृष्ण मोहन रतूड़ी की सक्रिय पहल और लगातार प्रयासों को भी क्षेत्र में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लंबे समय से लंबित इस कार्य को शासन स्तर तक पहुंचाने और इसकी स्वीकृति एवं निर्माण प्रक्रिया को गति दिलाने में उनकी भूमिका की क्षेत्रवासी सराहना कर रहे हैं।
24 मीटर स्टील ट्रस पुल का हो रहा निर्माण
स्वीकृत योजना के तहत यहां 24 मीटर लंबे स्टील ट्रस पुल का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना की लागत करीब ₹1.58 करोड़ (₹158.17 लाख) है और इसका Project ID 3196 है।
मौके से सामने आई तस्वीरों में पुल के स्टील स्ट्रक्चर को तैयार करने और उसे स्थापित करने का कार्य तेजी से चलता दिखाई दे रहा है। निर्माण पूरा होने के बाद लंबे समय से संपर्क की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
12 साल का इंतजार अब खत्म होने की ओर है।
शीला–काण्डई पुल का निर्माण यमकेश्वर क्षेत्र के लिए विकास की एक नई कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
क्षेत्रवासियों ने लंबे समय से लंबित इस कार्य को धरातल पर उतारने के लिए उत्तराखंड सरकार, लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज, विधायक रेणु बिष्ट और कृष्ण मोहन रतूड़ी के प्रयासों के प्रति आभार जताया है।
