Healthपौड़ी

चौबट्टाखाल में विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी का शुभारंभ

31 न्याय पंचायतों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा, कबड्डी में रिंगवाड़ी और जिवई ने दर्ज की जीत

पौड़ी, 18 सितंबर 2026। युवा कल्याण एवं शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित खेल महाकुंभ-2026 के तहत विधानसभा चौबट्टाखाल में विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के प्रतिनिधि देवेंद्र भट्ट ने किया।

इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन और संयम है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और सकारात्मक भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।

18 से 24 सितंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विधानसभा क्षेत्र की 31 न्याय पंचायतों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता में वालीबाल, कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, मुर्गा झपट और पिट्टू समेत विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है।

विधानसभा स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 500, 400 और 300 रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जाएगी। इसके अलावा विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और मेडल भी दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में विजेता टीमें और प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी आगे सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी में प्रतिभाग करेंगे।

कबड्डी में रिंगवाड़ी और जिवई का शानदार प्रदर्शन

प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-14 बालक वर्ग कबड्डी में रिंगवाड़ी ने मझगांव, जिवई ने पातल, गोर्ली ने सेडियाखाल, रसखिल ने भरोलीखाल और कोटा ने फरस्वाड़ी को पराजित किया। जिवई की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

वहीं अंडर-19 वर्ग में जिवई ने सेडियाखाल, खैरासैंण ने गवाणी, कांडई ने पातल और रिंगवाड़ी ने पंचूर को हराकर अगले चरण में जगह बनाई।

कार्यक्रम में प्रमुख क्षेत्र पंचायत एकेश्वर पंकज बिष्ट, प्रमुख क्षेत्र पंचायत पोखड़ा संजय गुसाईं, ज्येष्ठ प्रमुख एकेश्वर मुकेश पांथरी, प्रधान संगठन अध्यक्ष एकेश्वर पंकज पोखरियाल, खंड विकास अधिकारी एकेश्वर सौरभ हांडा सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और खेल जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।