*युवाओं से संवाद की मुहिम लगातार जारी, काशीपुर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी*
युवा विद्यार्थी मंथन’ के जरिए प्रदेश के युवाओं से सीधे जुड़ रहे मुख्यमंत्री
युवाओं के विचार और सुझाव बनेंगे विकसित उत्तराखंड के निर्माण का आधार
काशीपुर। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को काशीपुर में आयोजित ‘युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करने पहुंचे। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार युवाओं और विद्यार्थियों के बीच पहुंच रहे मुख्यमंत्री ने उनकी आकांक्षाओं, विचारों और भविष्य के उत्तराखंड को लेकर सुझावों को सुना।
मुख्यमंत्री धामी का प्रयास है कि प्रदेश की युवा पीढ़ी केवल सरकारी योजनाओं की सहभागी ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड के भविष्य और नीति-निर्माण की प्रक्रिया में भी सक्रिय भागीदार बने। इसी उद्देश्य से ‘युवा विद्यार्थी मंथन’ के माध्यम से युवाओं से सीधा संवाद कर उनके नवाचार, सुझाव और विजन को सामने लाया जा रहा है।
इस अभियान में प्रदेश के 2.67 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप, पर्यटन, पर्यावरण, तकनीक और पलायन सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव साझा किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, आधुनिक तकनीक, नवाचार और रोजगार के नए अवसरों को लेकर जिस दूरदर्शिता के साथ सोच रही है, वह विकसित उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। युवाओं से प्राप्त उपयोगी सुझावों को सरकार की योजनाओं और नीति-निर्माण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री का यह निरंतर युवा संवाद सरकार और नई पीढ़ी के बीच सीधा सेतु स्थापित करने के साथ ही ‘युवाओं के विचार से, युवाओं के लिए उत्तराखंड’ की अवधारणा को आगे बढ़ा रहा है।
