रायवाला में बुजुर्ग महिला हत्याकांड का खुलासा, बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी साजिश
पुश्तैनी संपत्ति में हिस्सा न मिलने से नाराज थी बेटी, प्रेमी को भी बताया था मां को सौतेली मां
पुलिस ने बेटी और उसके प्रेमी को किया गिरफ्तार, करीब 700 CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर पहुंची आरोपियों तक
देहरादून, 26 सितंबर 2026। रायवाला क्षेत्र में 65 वर्षीय महिला की हत्या के मामले का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार मृतका की बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। मामले में पुलिस ने मृतका की बेटी शिल्पा थापा और उसके कथित प्रेमी शिवनारायण पाण्डे उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे पुश्तैनी संपत्ति में हिस्से को लेकर विवाद मुख्य वजह सामने आई है। आरोप है कि शिल्पा अपनी मां और भाई द्वारा पुश्तैनी जमीन बेचे जाने तथा उसमें हिस्सा नहीं दिए जाने से नाराज थी। उसने अपनी मां को रास्ते से हटाने के बाद अपने हिस्से में आने वाली जमीन बेचकर प्रेमी के साथ गृहस्थी बसाने की योजना बनाई थी।
घर के बाथरूम में मिला था शव
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को संजय पुण्डीर निवासी ग्राम काटल, भोगपुर, थाना रानीपोखरी ने रायवाला पुलिस को तहरीर दी थी कि उनकी 65 वर्षीय मां खजानी देवी पत्नी स्वर्गीय गोविन्द सिंह पुण्डीर, जो शहीद भगत सिंह कॉलोनी लाइनपार मोतीचूर रायवाला में अपनी छह वर्षीय पोती के साथ किराये के मकान में रहती थीं, 21 सितंबर से लापता थीं।
रात करीब 10:30 बजे संजय ने घर के गेट का ताला तोड़कर अंदर देखा तो उनकी मां बाथरूम में मृत अवस्था में मिलीं। गेट पर बाहर से ताला लगा हुआ था। तहरीर के आधार पर थाना रायवाला में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
छह पुलिस टीमों ने शुरू की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर रायवाला पुलिस की छह अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने FSL और फील्ड यूनिट की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई और सर्विलांस की मदद से संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई गई।
जांच के दौरान पुलिस को मृतका की बेटी शिल्पा थापा का अपनी मां के साथ पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद होने की जानकारी मिली। साथ ही शिल्पा के परिचित शिवनारायण पाण्डे उर्फ सोनू की घटना से पहले मृतका के घर के आसपास मौजूदगी की जानकारी सामने आई।
700 CCTV कैमरे खंगाले
पुलिस के अनुसार, शिवनारायण की तलाश के दौरान उसका मोबाइल फोन घटना के बाद बंद मिला। इसके बाद पुलिस टीमों ने रायवाला, हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू की।
पुलिस ने करीब 500 होटल और धर्मशालाओं की जानकारी खंगाली तथा बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों समेत करीब 700 CCTV कैमरों की फुटेज चेक की।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शिवनारायण हरिद्वार स्थित शांति कुंज आश्रम में छिपा हुआ है। 25 सितंबर को पुलिस टीम ने उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार, शिवनारायण ने खजानी देवी की हत्या करने की बात स्वीकार की और बताया कि उसने शिल्पा के कहने पर हत्या को अंजाम दिया।
इसके बाद पुलिस ने 26 सितंबर को शिल्पा थापा को भी शहीद भगत सिंह कॉलोनी लाइनपार मोतीचूर से गिरफ्तार कर लिया।
प्रेमी को मां को सौतेली मां बताया
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में शिवनारायण ने बताया कि उसकी मुलाकात शिल्पा से मार्च 2026 में हरिद्वार के भूपतवाला स्थित एक होटल में हुई थी, जहां दोनों काम करते थे। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
पुलिस के अनुसार शिल्पा ने शिवनारायण को बताया था कि उसकी मां के नाम रानीपोखरी क्षेत्र में कई बीघा पुश्तैनी जमीन है और मां तथा भाई उस जमीन को बेच रहे हैं, लेकिन उसे हिस्सा नहीं दिया जा रहा है।
पुलिस का दावा है कि शिल्पा ने शिवनारायण को यह भी बताया था कि खजानी देवी उसकी सौतेली मां हैं, जबकि वह उसकी सगी मां थीं।
बाद में शिल्पा ने कथित तौर पर शिवनारायण को उसकी मां की हत्या के बाद जमीन में हिस्सा मिलने और जमीन बेचकर दोनों के साथ गृहस्थी बसाने का लालच दिया।
कर्ज में डूबा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, शिवनारायण की आर्थिक स्थिति भी खराब थी। लॉकडाउन से पहले रुड़की के ढंढेरा फाटक क्षेत्र में उसकी बैटरी रिक्शा एजेंसी थी। कारोबार में नुकसान के बाद उस पर करीब 50 लाख रुपये का कर्ज हो गया था।
पुलिस के मुताबिक उसने कर्ज चुकाने के लिए अपना मकान भी बेच दिया था, लेकिन इसके बाद भी करीब 10 लाख रुपये की देनदारी बाकी थी और उस पर रकम लौटाने का दबाव था।
पुलिस ने बताया कि शिवनारायण का शिल्पा के भाई से भी पैसों का लेन-देन था। वहीं, खजानी देवी को दोनों के संबंधों की जानकारी थी और इसे लेकर पहले भी विवाद हो चुका था।
21 सितंबर को दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को शिवनारायण और शिल्पा मृतका से मिलने उसके घर गए थे। इस दौरान दोनों के संबंधों और पैसों को लेकर विवाद हुआ था।
इसके बाद शिल्पा ने कथित तौर पर शिवनारायण को अपनी मां की दिनचर्या के बारे में बताया। पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को योजना के तहत शिवनारायण खजानी देवी के घर पहुंचा और मौका देखकर उनका गला दबा दिया।
हत्या के बाद आरोपी ने घर के गेट पर बाहर से ताला लगाया और वहां से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद उसने शिल्पा को इसकी जानकारी दी और शिल्पा के कहने पर हरिद्वार स्थित शांति कुंज में जाकर छिप गया।
पुलिस के अनुसार, शिल्पा लगातार किसी न किसी माध्यम से उसे पुलिस कार्रवाई की जानकारी देती रही।
गिरफ्तार आरोपी
1. शिवनारायण पाण्डे उर्फ सोनू, उम्र 39 वर्ष
निवासी सम्राट कॉलोनी, ग्राम करोंदी, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार।
2. शिल्पा थापा, उम्र 36 वर्ष
पत्नी पंकज थापा, निवासी शहीद भगत सिंह कॉलोनी, नई बस्ती लाइनपार मोतीचूर, थाना रायवाला, देहरादून।
शिवनारायण का पूर्व आपराधिक इतिहास
- मुकदमा संख्या 53/2024, धारा 498A/406 IPC, थाना हौज खास, दिल्ली।
- वाद संख्या 7352/2023, धारा 138 NI Act।
नोट: हत्या की साजिश, उद्देश्य और पूछताछ में सामने आए आरोप पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार हैं। मामले में अंतिम निष्कर्ष न्यायालय की कार्यवाही के बाद ही निर्धारित होगा।
