देहरादून में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 82 खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच
16 खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं मिले, 3 प्रतिष्ठानों को लाइसेंस के लिए नोटिस
देहरादून, 26 सितंबर 2026। आम उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद देहरादून द्वारा शनिवार को नगर निगम देहरादून क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर व्यापक जांच एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड श्री विनय शंकर पांडेय के आदेश तथा जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हर्रावाला, बालावाला, नकरौंदा और नथुवावाला क्षेत्र में स्थित स्वीट्स शॉप, डेयरी, परचून की दुकानों सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
इस दौरान खाद्य सचल विश्लेषणशाला के माध्यम से मौके पर ही खाद्य पदार्थों की निःशुल्क जांच की गई। साथ ही दुकानदारों एवं आम जनमानस को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित खाद्य सामग्री तथा खाद्य सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी देकर जागरूक एवं प्रशिक्षित किया गया।
अभियान के दौरान कुल 82 खाद्य पदार्थों की मौके पर निःशुल्क जांच की गई। इनमें 29 मिठाई, 13 दूध एवं दुग्ध पदार्थ, 15 मसाले, 14 अनाज एवं अनाज उत्पाद तथा 11 अन्य खाद्य पदार्थ शामिल रहे।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जनपद देहरादून श्री मनीष सयाना ने बताया कि जांच के दौरान 16 खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिसके संबंध में संबंधित खाद्य प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त 3 खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य लाइसेंस नहीं पाए जाने पर नोटिस जारी करते हुए ऑनलाइन खाद्य लाइसेंस के लिए आवेदन करने के निर्देश दिए गए।
अभियान में उपायुक्त सचल खाद्य विश्लेषणशाला श्री वीरेंद्र बिष्ट, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन श्री मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र देहरादून श्री रमेश सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर श्री संजय तिवारी तथा जूनियर एनालिस्ट खाद्य सचल श्री जितेंद्र भंडारी सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, सचल खाद्य विश्लेषणशाला के माध्यम से जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच, जनजागरूकता एवं प्रशिक्षण का अभियान लगातार जारी रखा जाएगा।
