DIPRदेहरादून

*भारी बारिश के दृष्टिगत मुख्यमंत्री ने ली आपदा प्रबंधन बैठक*

 

*प्रदेशभर में प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश, फंसे ट्रैकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान तेज करने को कहा*

देहरादून। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश के दृष्टिगत मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून पहुंचते ही वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन की स्थिति की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश देते हुए कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के साथ ही प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के हर्षिल क्षेत्र में फंसे ट्रैकर्स के संबंध में भी जानकारी ली। अधिकारियों ने अवगत कराया कि कुछ ट्रैकर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि शेष ट्रैकर्स एवं पोर्टर्स को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जाए। इसके लिए आवश्यकता के अनुसार सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया जाए।

मुख्यमंत्री ने हेली एंबुलेंस को भी स्टैंडबाय मोड पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर फंसे हुए लोगों के रेस्क्यू एवं गंभीर स्थिति में त्वरित चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए हेली एंबुलेंस का तत्काल उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों एवं उत्तराखण्ड आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी जिलों में प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ तथा अन्य संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ लगातार स्थिति पर नजर रखें और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।