कोटद्वार में भाजपा महिला मोर्चा ने सौंपा ज्ञापन, कांग्रेस सांसद के इस्तीफे की मांग
कथित यौन उत्पीड़न मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की उठाई मांग
कोटद्वार। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, सांगठनिक जनपद कोटद्वार की ओर से जेएनयू के पूर्व प्राध्यापक एवं कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजाम से जुड़े 11 छात्रों के साथ कथित गंभीर यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर राज्यपाल के नाम उपजिलाधिकारी (एसडीएम), कोटद्वार के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
महिला मोर्चा ने मामले को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से संबंधित कांग्रेस सांसद के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती शशिबाला कैस्टवाल ने किया। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री महिला मोर्चा श्रीमती अनीता आर्य, श्रीमती उर्मिला कंडारी, श्रीमती सिमरन बिष्ट, श्रीमती हिमानी बलूनी, श्रीमती अंजू खुगशाल, श्रीमती माला लुथरा, श्रीमती निशा जियाल सहित महिला मोर्चा की अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
महिला मोर्चा ने कहा कि महिलाओं एवं विद्यार्थियों की गरिमा, सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना आवश्यक है। ऐसे गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा जांच में दोष सिद्ध होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
जारीकर्ता: भारतीय जनता पार्टी, महिला मोर्चा, सांगठनिक जनपद कोटद्वार

