उत्तराखंड में शिक्षा और विकास कार्यों को ₹130 करोड़ की मंजूरी, सीएम धामी ने दी वित्तीय स्वीकृति
कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री व निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें देने के लिए ₹124.21 करोड़, सड़क और खेल अवसंरचना के कार्यों को भी मिली मंजूरी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में शिक्षा, सड़क निर्माण और खेल अवसंरचना से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लिए लगभग ₹130 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया है। इसमें विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें एवं शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण और हल्द्वानी में खेल सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।
विद्यार्थियों को मिलेंगी निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें
मुख्यमंत्री ने राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक अध्ययनरत सामान्य, पिछड़ी जाति, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए ₹52.21 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन दिया है।
इसके अतिरिक्त प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत वर्तमान वित्तीय वर्ष में विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री एवं निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए ₹72 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस प्रकार शिक्षा से संबंधित इन दोनों मदों में कुल ₹124.21 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में सड़क निर्माण
जनपद पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड कनालीछीना की ग्राम पंचायत भौतड़ी में आंतरिक सीसी मार्ग के निर्माण के लिए ₹80 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसकी पहली किश्त के रूप में ₹48 लाख जारी करने का अनुमोदन दिया गया है।
वहीं, जनपद ऊधमसिंह नगर के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत दिनेशपुर में नाली सहित 5 किलोमीटर टाइल्स मार्ग के निर्माण के लिए ₹4.15 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
हल्द्वानी में खेल अवसंरचना का होगा विकास
मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, गोलापार, हल्द्वानी में इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के तहत निर्माण कार्यों के लिए चालू वित्तीय वर्ष में ₹9.35 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है। इसके अंतर्गत पहली किश्त के रूप में ₹1 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन दिया गया है।
इन स्वीकृतियों के माध्यम से शिक्षा सुविधाओं के विस्तार, ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण और खेल अवसंरचना को मजबूत करने से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का लक्ष्य है।

