कोटद्वार

श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय की एथलेटिक्स चैंपियनशिप पर कोटद्वार महाविद्यालय का कब्जा, महिला-पुरुष दोनों वर्गों में बना चैंपियन

कोटद्वार। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों की चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। प्रतियोगिता का आयोजन 31 अक्टूबर से 1 नवंबर तक हरिद्वार स्थित एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय से संबद्ध 53 महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

दोनों वर्गों में चैंपियन बनकर लौटे महाविद्यालय के खिलाड़ियों का परिसर पहुंचने पर जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल रहा।

इस अवसर पर महाविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी डॉ. हीरा सिंह डुंगरियाल ने कहा कि महाविद्यालय ने लगातार चौथे वर्ष एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अपनी बादशाहत कायम रखते हुए चैंपियनशिप पर कब्जा किया है। यह खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डीएस नेगी ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर क्रीड़ा प्रभारी डॉ. हीरा सिंह डुंगरियाल, डॉ. संदीप कुमार, डॉ. मीनाक्षी वर्मा, डॉ. संदीप किमोठी, डॉ. सुमन राणा, डॉ. ऐश्वर्या राणा, डॉ. जितेंद्र सिंह, डॉ. विजयलक्ष्मी, मुकेश जदली सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।