मोहब्बेवाला हादसे में NHAI और लोनिवि अधिकारियों पर मुकदमा, ट्रक चालक भी नामजद
चार लोगों की मौत के बाद सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, गड्ढे, चेतावनी बोर्ड और रिफ्लेक्टर की कमी को लेकर पुलिस ने शुरू की जांच
देहरादून। मोहब्बेवाला में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद अब सड़क सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी भी जांच के दायरे में आ गई है। हादसे में चार लोगों की मौत के मामले में पटेलनगर पुलिस ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, मृतक के भाई की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ भी गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे आशारोड़ी से आईएसबीटी की ओर जाने वाले मार्ग पर मोहब्बेवाला में कार संख्या UK07FR-6780 और ट्रेलर संख्या NL-01AA-2485 के बीच भीषण दुर्घटना हुई थी। हादसे में कार सवार चार लोगों की जान चली गई, जबकि छह वर्षीय बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया।
सड़क की खामियां बनीं जांच का आधार
आईएसबीटी चौकी प्रभारी जयवीर सिंह की शिकायत पर NHAI और लोनिवि के अधिकारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 125(ए), 125(बी) और 281 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-72ए पर सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। सड़क किनारे बने गड्ढों के संबंध में चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए थे। इसके अलावा पर्याप्त संकेतक, यातायात चिह्न और रिफ्लेक्टर भी नहीं थे। रात के समय रोशनी की व्यवस्था की कमी तथा सड़क के अचानक मोड़ और ढलान को भी दुर्घटना की आशंका बढ़ाने वाले कारणों के रूप में उठाया गया है।
पहले भी उठाए गए थे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
पुलिस शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं और सुरक्षा इंतजामों की कमियों के संबंध में संबंधित विभागों को पहले भी अवगत कराया गया था। इसके बावजूद प्रभावी सुधारात्मक कदम नहीं उठाए जाने का आरोप है।
शिकायत के अनुसार, हादसे के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और बच्चे को सुरक्षित निकाला, लेकिन संबंधित विभागों का कोई अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा।
ट्रक चालक के खिलाफ भी मुकदमा
हादसे में जान गंवाने वाले एक व्यक्ति के भाई की शिकायत पर पटेलनगर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ भी गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब दुर्घटना में ट्रक की भूमिका, चालक की कथित लापरवाही और हादसे की वास्तविक परिस्थितियों की जांच कर रही है।
उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी को सौंपी जांच
NHAI और लोनिवि अधिकारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे की विवेचना उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी को सौंपी गई है। पुलिस सड़क की स्थिति, सुरक्षा संकेतकों, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का परीक्षण करेगी। साथ ही पूर्व में संबंधित विभागों को मिली शिकायतों और उन पर की गई कार्रवाई का भी रिकॉर्ड खंगाला जाएगा।
अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि इस दर्दनाक हादसे में सड़क सुरक्षा संबंधी कमियों और वाहन चालक की भूमिका कितनी जिम्मेदार रही।

