दीपावली पर भगवान परशुराम चौक में हुआ दीप प्रज्वलन, 21 दीप जलाकर की गई सुख-समृद्धि की कामना
अखिल भारतीय देवभूमि ब्राह्मण जन सेवा समिति ने भगवान परशुराम की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, राजेश भारद्वाज को अंगवस्त्र एवं फरसा भेंटकर किया सम्मानित
देहरादून। दीपावली के पावन पर्व पर अखिल भारतीय देवभूमि ब्राह्मण जन सेवा समिति की ओर से नेहरू कॉलोनी स्थित चिरंजीवी भगवान श्री परशुराम चौक पर श्रद्धा एवं उत्साह के साथ धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भगवान परशुराम की प्रतिमा को अंगवस्त्र अर्पित कर माल्यार्पण किया गया तथा 21 दीप प्रज्वलित कर देश-प्रदेश की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की गई।

कार्यक्रम में पंडित लव मोहन देव जी ने मुख्य यजमान श्री राजेश भारद्वाज एवं उपस्थित सदस्यों से विधिवत पूजन-अर्चना कराई। इसके उपरांत उपस्थित सदस्यों और आसपास के दुकानदारों को मिष्ठान वितरित किया गया।
समिति की ओर से श्री राजेश भारद्वाज को 7 एवं 8 नवंबर की रात्रि भगवान परशुराम चौक पर 11-11 दीप प्रज्वलित करने का दायित्व सौंपा गया है। इस अवसर पर समिति ने उन्हें अंगवस्त्र एवं भगवान परशुराम के प्रतीक चिह्न स्वरूप फरसा भेंट कर सम्मानित किया।

समिति के केंद्रीय अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा ने कहा कि हम अपने आराध्य भगवान एवं महापुरुषों के सम्मान में शासन-प्रशासन के सहयोग से चौक-चौराहों का निर्माण कराने के लिए अथक प्रयास करते हैं, लेकिन उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का दायित्व भी हमारा ही है। उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे सनातन धर्म के महत्वपूर्ण पर्व पर हम अपने घरों की सफाई, रंगाई-पुताई और सजावट पर लाखों रुपये खर्च करते हैं, लेकिन जिन चौक-चौराहों को अपने आराध्य एवं महापुरुषों को समर्पित करने के लिए हमने प्रयास किए हैं, उनकी देखभाल करना भूल जाते हैं।
उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समिति सदैव अपने सामाजिक एवं धार्मिक दायित्वों का निर्वहन करती रही है। समिति प्रत्येक प्रमुख त्योहार को भगवान परशुराम चौक पर भी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाती है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी संस्कृति, परंपराओं और आराध्य महापुरुषों से जुड़ी रहें।
कार्यक्रम में अरुण कुमार शर्मा, रुचि शर्मा, वासु वशिष्ठ, संजय मिश्रा, राजेश भारद्वाज, अभय उनियाल, जय कुमार भारद्वाज, अभिषेक, आराध्य, पंकज शर्मा, रामगोपाल शर्मा, प्रमोद शर्मा एवं वीरेंद्र भार्गव सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
— अरुण कुमार शर्मा
केंद्रीय अध्यक्ष
अखिल भारतीय देवभूमि ब्राह्मण जन सेवा समिति

